Share This Article रायपुर, 26 सितम्बर 2026/ ETrendingIndia / सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला प्रशासन द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा शासकीय आईटीआई मरवाही के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेला में युवाओं को विभिन्न निजी संस्थानों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जुड़ने, अपनी योग्यता के अनुरूप पदों के लिए आवेदन करने तथा सीधे साक्षात्कार देने का अवसर मिला। 478 रिक्त पदों के लिए 778 युवाओं ने किया आवेदन रोजगार मेले में 7 निजी संस्थानों द्वारा विभिन्न पदों के लिए कुल 478 रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध कराई गई थी। इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए युवाओं ने ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया। कुल 778 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए, जिससे जिले के युवाओं में रोजगार के प्रति रुचि और निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को लेकर उत्साह का पता चलता है। साक्षात्कार में शामिल हुए 195 युवा रोजगार मेले में आवेदन करने वाले युवाओं को नियोजकों के समक्ष अपनी योग्यता और कौशल प्रस्तुत करने का अवसर मिला। मेला स्थल पर कुल 195 युवाओं ने विभिन्न निजी संस्थानों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिया। 88 युवाओं का प्राथमिक चयन, 47 का अंतिम चयन रोजगार मेले के दौरान विभिन्न नियोजकों द्वारा 88 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया, जबकि 47 युवाओं का अंतिम चयन किया गया। अंतिम रूप से चयनित युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। शेष नियोजकों द्वारा अभ्यर्थियों के अंतिम चयन की प्रक्रिया जारी है। इससे रोजगार मेले में शामिल युवाओं को आगे रोजगार प्राप्त करने की उम्मीद भी बनी हुई है। Share This Article Post navigation भारत सरकार में विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती