Jagdalpur Flood NewsJagdalpur Flood News
Share This Article

जगदलपुर, 27 सितंबर 2026। Jagdalpur Flood News : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बाढ़ के बीच भारतीय वायुसेना ने बड़ा Rescue Operation चलाकर इंद्रावती नदी के उत्तरी तट पर फंसे 12 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। डोंगाघाट गांव के पास कच्ची झोपड़ियों में लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद भारतीय वायुसेना की मध्य वायु कमान का एक दल तलाश और बचाव अभियान के लिए रवाना हुआ।

कच्ची झोपड़ी की छत पर मिले फंसे लोग

वायुसेना के चालक दल ने इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान फंसे हुए नागरिक एक कच्ची झोपड़ी की छत पर दिखाई दिए। चारों ओर तेज बहाव से पानी गुजर रहा था और झोपड़ी के ढहने का खतरा बना हुआ था। ऐसे हालात में रेस्क्यू के लिए समय भी बेहद सीमित था।

गरुड़ कमांडो ने कमजोर छत पर उतरकर संभाला मोर्चा

बचाव अभियान के दौरान एक गरुड़ कमांडो को हेलीकॉप्टर से झोपड़ी की कमजोर छत पर उतारा गया। कमांडो ने वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित तरीके से निकालने की प्रक्रिया में सहायता की। इसके बाद हेलीकॉप्टर को हवा में मंडराते हुए रखा गया और विन्च की मदद से एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

महिलाओं और बच्चों को भी सुरक्षित निकाला गया

भारतीय वायुसेना के इस अभियान में कुल 12 नागरिकों को सुरक्षित बचाया गया। बचाए गए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। तेज बहाव और झोपड़ी के गिरने के खतरे के बीच चलाया गया यह अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव जारी

इंद्रावती नदी के आसपास बाढ़ की स्थिति के बीच लोगों के फंसे होने की सूचना पर वायुसेना ने तत्काल हवाई खोज और बचाव अभियान शुरू किया। सफल रेस्क्यू के बाद सभी 12 नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और राहत-बचाव एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


Share This Article