Raipur Flood RescueRaipur Flood Rescue
Share This Article

रायपुर, 27 सितंबर। Raipur Flood Rescue : राजधानी रायपुर के भाठागांव में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन का राहत और बचाव अभियान पूरा हो गया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर एसडीएम नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में एसडीआरएफ की मदद से 313 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। जलस्तर तेजी से घटने के साथ अब इलाके में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

313 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

भाठागांव में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासनिक अमले ने मिलकर अभियान को अंजाम दिया। सभी प्रभावित लोगों के सुरक्षित निकाले जाने के बाद बचाव अभियान पूर्ण कर लिया गया है।

मौके पर अधिकारियों ने संभाली कमान

एसडीएम नंद कुमार चौबे और नायब तहसीलदार प्रवीण परमार मौके पर मौजूद रहे और राहत-बचाव व्यवस्था की निगरानी की। अधिकारियों ने एसडीआरएफ, पुलिस तथा अन्य संबंधित टीमों के साथ समन्वय कर रेस्क्यू अभियान को गति दी।

जलस्तर घटा, बिजली आपूर्ति शुरू

प्रशासन के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर लगातार तेजी से कम हो रहा है। जिन इलाकों से पानी उतर चुका है, वहां सीएसपीडीसीएल द्वारा विद्युत आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गई है। वहीं जिन क्षेत्रों में अभी भी जलभराव है, वहां सुरक्षा कारणों से बिजली आपूर्ति बंद रखी गई है।

संवेदनशील क्षेत्रों में बैरिकेडिंग

दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील और जलभराव वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक लगातार निगरानी रखने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें भाठागांव समेत प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


Share This Article