World Tourism DayWorld Tourism Day
Share This Article

रायपुर, 28 सितंबर 2026 / ETrendingIndia / गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले को पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने जिले की प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के प्रयासों के लिए यह सम्मान दिया।

राजधानी रायपुर में 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन (सीजीटीटीए) के संयुक्त आयोजन ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ में यह सम्मान प्रदान किया गया।

धनपुर पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन

कार्यक्रम में जीपीएम जिले की महत्वपूर्ण पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।

पुस्तक में धनपुर के ऐतिहासिक महत्व, पुरातात्विक विशेषताओं और पर्यटन संभावनाओं को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

इसका विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने किया।

पर्यटन मानचित्र पर मजबूत होगी जीपीएम की पहचान

धनपुर पर तैयार कॉफी टेबल बुक से इस पुरातात्विक स्थल को प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही जिले के अन्य प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के प्रति भी पर्यटकों की रुचि बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन स्थलों की पहचान, संरक्षण, प्रचार-प्रसार और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ इन प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण पहचान है, जो जीपीएम को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में नई ऊर्जा देगा।


Share This Article