MP Investment NewsMP Investment News
Share This Article

मुंबई, 8 अक्टूबर 2026। MP Investment News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित “इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश” में सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी से मुलाकात की। इस दौरान मध्यप्रदेश में कंपनी के विस्तार, पीथमपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड परियोजना, भूमि आवंटन, जरूरी सुविधाओं, अनुमतियों और निवेश प्रोत्साहन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

पीथमपुर परियोजना के लिए जमीन और सुविधाओं पर चर्चा

बैठक में पीथमपुर के सेक्टर-7 में प्रस्तावित परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और स्थानीय स्तर की बाधाओं को दूर करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबंधित प्रक्रियाओं को आसान बनाने और दिसंबर 2026 तक जल, बिजली व सड़क जैसी जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

3,000 करोड़ के निवेश से बनेगी ग्रीनफील्ड परियोजना

सन फार्मा की ओर से पीथमपुर में करीब 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से ग्रीनफील्ड परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसमें भारत, अमेरिका, यूरोप और अन्य प्रमुख बाजारों के लिए औषधि फॉर्मुलेशन विनिर्माण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित परियोजना से 1,750 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है, जिसमें लगभग 1,250 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल हैं।

बड़े सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट के लिए जमीन की तलाश

कंपनी की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़े सौर ऊर्जा प्रकल्प के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने परियोजना के लिए भूमि आवंटन में सहयोग के साथ जरूरी प्रोत्साहन, आधारभूत सुविधाएं और अनुमतियां समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में पीथमपुर परियोजना के प्लॉट हस्तांतरण और पुनःपंजीकरण शुल्क में छूट, कंपनी का नाम एसपीएलएल से एसपीआईएल करने के लिए सीसीआईपी में जरूरी संशोधन और अन्य प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के मुद्दे भी उठे।

रतलाम फार्मा पार्क में भी निवेश की रुचि

चर्चा के दौरान दिलीप सांघवी ने रतलाम में प्रस्तावित फार्मा पार्क को लेकर भी कंपनी की रुचि जाहिर की। उन्होंने कहा कि यदि रतलाम में फार्मा पार्क स्थापित होता है तो सन फार्मा समूह वहां निवेश की संभावनाओं पर विचार करना चाहता है।


Share This Article