Share This Article रायपुर, 27 अक्टूबर 2026।Adenium Plant Care : घर की बालकनी, आंगन और गार्डन को रंग-बिरंगे फूलों से सजाने के लिए एडेनियम का पौधा लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। इस पौधे में अच्छी बढ़वार और भरपूर फूल पाने के लिए सही देखभाल, पर्याप्त धूप और समय-समय पर छंटाई करना जरूरी है। रायपुर के गांधी उद्यान में प्रकृति प्रेमियों के लिए आयोजित पौधों की कलम के आदान-प्रदान कार्यक्रम में गार्डन विशेषज्ञ चेतना बछोर ने एडेनियम की देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम का आयोजन प्रकृति की ओर संस्था की ओर से किया गया, जिसमें पौधों के शौकीनों ने हिस्सा लिया और अपने अनुभव भी साझा किए। एडेनियम के मोटे तने में जमा रहता है पानी विशेषज्ञ चेतना बंछोर ने बताया कि एडेनियम अपने खूबसूरत फूलों और मोटे तने के कारण सजावटी पौधों में खास पहचान रखता है। इसके मोटे तने को काडेक्स कहा जाता है, जो पानी जमा करके रखने में मदद करता है। इस पौधे में गुलाबी, लाल, सफेद सहित कई रंगों के आकर्षक फूल खिलते हैं। उचित देखभाल से इसे लंबे समय तक घर और गार्डन की सुंदरता बढ़ाने के लिए तैयार रखा जा सकता है। भरपूर फूलों के लिए जरूरी है पर्याप्त धूप एडेनियम के बेहतर विकास के लिए पर्याप्त धूप जरूरी है। पौधे को ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां उसे अच्छी रोशनी मिल सके। पानी देने में भी सावधानी बरतनी चाहिए। मिट्टी पूरी तरह सूखने के बाद ही पानी देना बेहतर होता है, क्योंकि लगातार गीली मिट्टी रहने से जड़ों के सड़ने का खतरा बढ़ जाता है। सही मात्रा में पानी और पर्याप्त धूप पौधे को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं। मिट्टी और गमले का चुनाव भी महत्वपूर्ण एडेनियम के पौधे के लिए ऐसी मिट्टी का इस्तेमाल करना चाहिए, जिसमें पानी आसानी से निकल सके। गमले में जल निकासी के पर्याप्त छेद होने चाहिए, ताकि पानी जमा न हो। जल निकासी की उचित व्यवस्था से जड़ों को नुकसान पहुंचने का खतरा कम होता है और पौधे की बढ़वार बेहतर बनी रहती है। नियमित छंटाई से पौधा बनेगा घना और आकर्षक विशेषज्ञ ने बताया कि एडेनियम की शाखाओं की समय-समय पर कटाई-छंटाई करने से पौधे का आकार बेहतर बनाया जा सकता है। इससे नई शाखाओं के विकास में मदद मिल सकती है और पौधा अधिक घना दिखाई देता है। छंटाई करते समय साफ उपकरणों का इस्तेमाल करना चाहिए। उचित देखभाल और सही तरीके से पौधे को तैयार करने पर एडेनियम कई वर्षों तक अपने सुंदर फूलों से गार्डन की शोभा बढ़ा सकता है। पौधों की कलम का किया गया आदान-प्रदान कार्यक्रम के दौरान प्रकृति प्रेमी अपने-अपने घरों से पौधों की कलम लेकर पहुंचे और एक-दूसरे के साथ उनका आदान-प्रदान किया। इस गतिविधि का उद्देश्य लोगों के बीच पौधों के प्रति रुचि बढ़ाना और गृह वाटिका को बेहतर बनाने के अनुभव साझा करना रहा। कार्यक्रम में मोहन वर्त्यानी, आरके जैन, राम खटवानी, शिल्पी नागपुरे, सर्वत्र सेठी, ममता मिश्रा, सुधा केसरवानी और अभिलाषा पंडा सहित अन्य प्रकृति प्रेमी शामिल हुए। Share This Article Post navigation CG News : पटवारियों की हड़ताल से किसान परेशान, धान पंजीयन की अंतिम तारीख नजदीक, सुशील आनंद शुक्ला ने सरकार पर उठाए सवाल CG DA Hike 2026 : छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को 2% DA बढ़ोतरी की मांग, अरुण साव ने मुख्यमंत्री तक बात पहुंचाने का दिया आश्वासन