Disproportionate AssetsDisproportionate Assets
Share This Article

जबलपुर, 27 अक्टूबर 2026। Disproportionate Assets : मध्य प्रदेश के जबलपुर में लोकायुक्त ने वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे जिलहरी स्थित रिलायबल डेवलपर कॉलोनी में छापेमारी शुरू की गई। अधिकारी वर्तमान में दमोह में पदस्थ बताए गए हैं।

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में 1.03 करोड़ रुपये की ज्ञात आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च सामने आया है। एजेंसी ने इसे आय का 264.64 प्रतिशत अनुपातहीन व्यय बताया है।

जांच में पत्नी के नाम करीब 402 वर्गमीटर का प्लॉट, मारुति स्विफ्ट कार, सुजुकी एक्सेस वाहन और परिवार के नाम बीमा पॉलिसियों पर करीब 33.94 लाख रुपये के खर्च की जानकारी सामने आई है। सागर जिले के बंडा में अधिकारी के माता-पिता के नाम जमीन पर बने मकानों का भी सत्यापन किया जा रहा है।

शिकायत के सत्यापन के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई के लिए लोकायुक्त ने तीन टीमें गठित की हैं। फिलहाल संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों की जांच जारी है।


Share This Article