IPL 2027IPL 2027
Share This Article

मुंबई, 31 अक्टूबर 2026। IPL 2027 : मुंबई इंडियंस (MI) ने शुक्रवार को आईपीएल 2027 के लिए अपने कोचिंग स्टाफ में कई अहम नियुक्तियों की घोषणा की। फ्रेंचाइजी ने रोहित उपाध्याय को बैटिंग कोच, मिशेल मैक्लेनघन को गेंदबाजी कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। ये तीनों पूर्व में मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं और टीम के साथ उनका लंबा जुड़ाव रहा है।

मिशेल मैक्लेनघन की हुई वापसी, 56 मैचों में ले चुके हैं 71 विकेट

न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनघन 2015 से 2019 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेले। इस दौरान उन्होंने 56 मैचों में 71 विकेट हासिल किए। उनके कार्यकाल में मुंबई इंडियंस ने 2015, 2017 और 2019 में आईपीएल खिताब जीते थे।

मैक्लेनघन ने अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि वह मुंबई इंडियंस में वापस आकर उत्साहित हैं। उन्होंने टीम को अपनी पहचान और एमआई परिवार को अपना समर्थन बताया। फ्रेंचाइजी ने भी उनका स्वागत करते हुए उनके अनुभव और ऊर्जा पर भरोसा जताया है।

टी. दिलीप संभालेंगे फील्डिंग की जिम्मेदारी

भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी. दिलीप को मुंबई इंडियंस ने अपना नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। वह भारतीय क्रिकेट टीम के सफल फील्डिंग कोचों में शामिल रहे हैं। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते और कई यादगार उपलब्धियां हासिल कीं।

टी. दिलीप का स्वागत करते हुए मुंबई इंडियंस ने कहा कि उन्होंने भारत के साथ तीन आईसीसी खिताब जीतने से लेकर यादगार पलों तक अपनी ऊर्जा और जुनून से प्रशंसकों का दिल जीता है। अब वह यही जोश मुंबई इंडियंस के फील्डिंग कोच के तौर पर मैदान पर लेकर आएंगे।

धवल कुलकर्णी बने डेवलपमेंट बॉलिंग कोच

मुंबई इंडियंस के पूर्व तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह 2007 से 2013 और फिर 2020 से 2021 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने 35 मैचों में 36 विकेट लिए। इसके अलावा वह गुजरात लायंस और राजस्थान रॉयल्स के लिए भी खेल चुके हैं।

फ्रेंचाइजी ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें मुंबई का अपना और घरेलू टीम का दिग्गज बताया। अब वह डेवलपमेंट बॉलिंग कोच के रूप में युवा गेंदबाजों को तैयार करने में योगदान देंगे।

रोहन उपाध्याय को मिली बैटिंग कोच की जिम्मेदारी

मुंबई इंडियंस ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज रोहन उपाध्याय को अपना बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। वह 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। उन्होंने 2008 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ की थी।

रोहन उपाध्याय आईपीएल के सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स को 2014 में चैंपियन बनाने में भी उनकी अहम भूमिका रही थी। इसके अलावा वह 2021 में लीग जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा थे।

उन्होंने 2008 से 2022 के बीच मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पुणे वॉरियर्स इंडिया, केकेआर, राजस्थान रॉयल्स और सीएसके के लिए क्रिकेट खेला। इस दौरान उन्होंने कुल 205 मैचों की 197 पारियों में 27 अर्धशतक की मदद से 4,952 रन बनाए।

IPL 2027 के लिए मुंबई इंडियंस का नया कोचिंग सेटअप

मिशेल मैक्लेनघन, टी. दिलीप, धवल कुलकर्णी और रोहन उपाध्याय की नियुक्तियों के साथ मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2027 के लिए कोचिंग सेटअप पूरा हो गया है। इससे पहले फ्रेंचाइजी ने कायरन पोलार्ड को हेड कोच के रूप में नियुक्त किया था। पोलार्ड 2010 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रहे और इसके बाद 2026 तक बल्लेबाजी कोच के रूप में टीम से जुड़े रहे।


Share This Article