CG Rajyotsav 2026CG Rajyotsav 2026
Share This Article

रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। CG Rajyotsav 2026 : छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रजत जयंती के जश्न को यादगार बनाने जा रहा है। नवा रायपुर अटल नगर में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन होगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में होने वाले इस समारोह में प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला, विकास की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं की झलक देखने को मिलेगी। समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शुभारंभ करेंगे, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर में होगा भव्य आयोजन

राज्य स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर, मेला ग्राउंड में किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिल्पग्राम और कई आकर्षक गतिविधियां आयोजित होंगी। राज्योत्सव के पहले दिन 1 नवंबर को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दूसरे दिन 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वहीं, 3 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी 2 नवंबर को राज्योत्सव मनाया जाएगा।

अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया जाएगा याद

छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था। राज्योत्सव के माध्यम से उनके ऐतिहासिक योगदान को नमन किया जाएगा और राज्य निर्माण से जुड़ी जनआकांक्षाओं को सम्मान दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में छत्तीसगढ़ की भूमिका और संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के जरिए महिला सशक्तिकरण और युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा।

विकास प्रदर्शनियों और शिल्पग्राम में दिखेगी प्रदेश की उपलब्धियां

राज्योत्सव में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से शासन की प्रमुख योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ मिशन जैसे विषयों पर केंद्रित प्रदर्शनियां प्रदेश की उपलब्धियों के साथ भविष्य की संभावनाओं को भी सामने रखेंगी। शिल्पग्राम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों के हुनर को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

सेंध लेक पर 2 नवंबर को सारंग टीम का रोमांचक एयर शो

राज्योत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 2 नवंबर को सुबह 11 बजे से नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाला भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो होगा। पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के साथ सारंग टीम के पायलट आसमान में सामूहिक उड़ान, आकर्षक हवाई संरचनाओं और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। मोर से प्रेरित रंग-सज्जा वाले हेलीकॉप्टरों का शानदार तालमेल दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व वाली टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। यह प्रदर्शन भारतीय वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमता को प्रदर्शित करेगा।

पलक मुच्छल, स्वस्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य देंगे प्रस्तुति

राज्योत्सव की तीनों शामें लोक संस्कृति और सुर-संगीत के नाम रहेंगी। प्रतिदिन शाम 4 बजे से स्थानीय कलाकारों, शाम 7 बजे से राज्य स्तरीय कलाकारों और रात 8 बजे से राष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। 1 नवंबर को प्रसिद्ध पार्श्व गायिका पलक मुच्छल, 2 नवंबर को स्वस्ति मेहुल और 3 नवंबर को पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में 2 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास प्रदर्शनियों के जरिए राज्य निर्माण का गौरव मनाया जाएगा। इन आयोजनों में स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक विरासत, सरकारी योजनाओं और जिलों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।


Share This Article