Sainik School Admission 2027Sainik School Admission 2027
Share This Article

रायपुर, 10 नवंबर 2026। Sainik School Admission 2027 : सैनिक स्कूल अंबिकापुर में कक्षा 6वीं और 9वीं में दाखिले की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों और नए सैनिक स्कूलों में दाखिला अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) के माध्यम से दिया जाएगा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की तारीख 31 जनवरी 2027 निर्धारित की है। इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

2 दिसंबर तक बिना विलंब शुल्क भरें फॉर्म

सैनिक स्कूल अंबिकापुर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। ऑनलाइन आवेदन करने और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को विलंब शुल्क के साथ अतिरिक्त अवसर मिलेगा। ऐसे विद्यार्थी 3 से 6 दिसंबर 2026 तक 500 रुपये विलंब शुल्क देकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि होने पर 7 से 9 दिसंबर 2026 तक सुधार का मौका दिया जाएगा।

31 जनवरी 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा

NTA के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, AISSEE-2027 की परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी। वहीं, अभ्यर्थी 25 जनवरी 2027 से आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी और इसका आयोजन पेन-पेपर मोड में OMR शीट के जरिए किया जाएगा।

कक्षा 6वीं और 9वीं के लिए अलग-अलग परीक्षा अवधि

कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट यानी 2 घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है। यह परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित होगी। वहीं, कक्षा 9वीं में दाखिले के लिए परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी और इसका आयोजन अंग्रेजी माध्यम में किया जाएगा।

NTA की वेबसाइट से करें ऑनलाइन आवेदन

सैनिक स्कूल में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए AISSEE की आधिकारिक वेबसाइट और NTA की वेबसाइट पर जानकारी उपलब्ध है। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों और अभिभावकों को पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा का सिलेबस, आवेदन शुल्क और अन्य शर्तों से संबंधित सूचना पुस्तिका ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

आवेदन संबंधी समस्या के लिए हेल्पलाइन जारी

आवेदन या परीक्षा से संबंधित किसी समस्या के समाधान के लिए NTA हेल्पडेस्क के नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा अभ्यर्थी [email protected] पर ई-मेल के माध्यम से भी अपनी समस्या भेज सकते हैं।


Share This Article
Advertisement Carousel