Share This Article कोरबा, 17 नवंबर 2026। Korba Crime News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने बालको प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। दो युवकों ने प्लांट से कॉपर केबल चोरी करने के बाद उसे अपने शरीर पर कमर से छाती तक लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहनकर बाहर निकलने लगे। लेकिन प्रोजेक्ट गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की नजर उन पर पड़ गई। तलाशी के दौरान चोरी का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 49.280 किलोग्राम कॉपर वायर और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार जब्त किए हैं। केबल का प्लास्टिक हटाकर शरीर पर लपेटा तार पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात 15 नवंबर की रात 10 बजे से 16 नवंबर की सुबह 5 बजे के बीच हुई। आरोपियों ने बालको प्लांट के CH-04 के सामने खुले में रखे केबल ड्रम से तांबे का तार काटा। इसके बाद केबल का प्लास्टिक कवर हटाकर कॉपर वायर अलग किया और उसे अपने शरीर पर छिपा लिया। मामले में पथरीपारा निवासी भीम मल्लाह (23) और भटगांव उपरपारा निवासी नरेश कुमार कंवर (21) को आरोपी बनाया गया है। गेट पर सुरक्षा कर्मियों को हुआ शक प्लांट से बाहर निकलते समय प्रोजेक्ट गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर उनके शरीर में छिपाया गया कॉपर वायर बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। 49,280 रुपये का कॉपर वायर और औजार बरामद शिकायतकर्ता मनीष विश्वास की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। बरामद कॉपर केबल का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन किया गया, जो 49.280 किलोग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत 49,280 रुपये बताई गई है। चोरी की गई केबल AIFL कंपनी की है। पुलिस ने घटनास्थल से कटा हुआ केबल हिस्सा, नजदीकी इमारत की छत से प्लास्टिक कवर और आरोपियों के पास से कटर व हेक्सा ब्लेड भी जब्त किए हैं। रविवार की छुट्टी का फायदा उठाने की बनाई थी योजना पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रविवार को अधिकांश कर्मचारियों के अवकाश पर रहने की संभावना को देखते हुए उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। आरोप है कि दोनों ने ड्यूटी नहीं होने के बावजूद गेट पास कार्ड के जरिए प्लांट में प्रवेश किया और सुनसान स्थान देखकर केबल काट ली। इसके बाद तार को कपड़ों के नीचे छिपाकर बाहर निकलने की कोशिश की। BNS की धाराओं में अपराध दर्ज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पूर्व नियोजित साजिश से जुड़े तथ्य सामने आने पर धारा 61(2) भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। Share This Article Post navigation CG Board Practical Exam 2027 : 10वीं-12वीं के छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा जनवरी में, मंडल ने जारी किए निर्देश CG DA News : राज्य के IAS, IPS और वन सेवा अधिकारियों के महंगाई भत्ते में इजाफा, अब मिलेगा 63% DA