Share This Article

रायपुर, 22 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / उत्तर बस्तर कांकेर जिले में बस्तर फाइटर आरक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने जिले के स्थानीय निवासी इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन 2 नवंबर से शुरू हो चुके हैं। उम्मीदवार 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा।

महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन प्रक्रिया

  • आवेदन शुरू होने की तिथि: 2 नवंबर 2026
  • अंतिम तिथि: 12 दिसंबर 2026
  • आवेदन जमा करने का समय: शाम 5 बजे तक।
  • आवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर सहित चार निर्धारित अनुविभागीय पुलिस कार्यालयों भानुप्रतापपुर ,अंतागढ़ पखांजुर में जमा किए जा सकते हैं।
  • डाक से आवेदन भेजने पर पंजीकृत डाक का उपयोग अनिवार्य होगा।

शैक्षणिक योग्यता

  • सामान्य अभ्यर्थियों के लिए छत्तीसगढ़ या मध्यप्रदेश के विद्यालय से 10वीं पास होना अनिवार्य है।
  • अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी 5वीं पास होने पर भी पात्र होंगे।
  • नक्सल पीड़ित परिवारों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के सभी वर्गों के उम्मीदवारों को भी 5वीं पास होने पर पात्रता मिलेगी।

आयु सीमा और छूट

1 जनवरी 2026 की स्थिति में अभ्यर्थी की आयु 18 से 28 वर्ष होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी। स्थानीय महिला अभ्यर्थियों को 10 वर्ष तक की छूट का प्रावधान है। शासकीय कर्मचारियों के लिए भी नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।

शारीरिक मापदंड

पुरुष अभ्यर्थियों के लिए ऊंचाई:

  • सामान्य, एससी और ओबीसी: 163 सेमी।
  • एसटी: 150 सेमी।

महिला अभ्यर्थियों के लिए ऊंचाई:

  • सामान्य, एससी और ओबीसी: 153 सेमी।
  • एसटी: 148 सेमी।

पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने का माप सामान्यतः बिना फुलाए 79 सेमी और फुलाने पर 84 सेमी होना चाहिए। एसटी वर्ग के लिए यह माप क्रमशः 74 और 79 सेमी निर्धारित है। महिलाओं को सीने के माप से छूट मिलेगी।

चयन प्रक्रिया: कुल 200 अंक

  • शारीरिक दक्षता परीक्षा: 100 अंक। इसमें लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 100 मीटर और 800 मीटर दौड़ शामिल हैं।
  • लिखित परीक्षा: 50 अंक। इसमें सामान्य ज्ञान, बुद्धि क्षमता, विश्लेषण क्षमता, स्थानीय भूगोल, संस्कृति, परंपरा और गणित से वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे।
  • साक्षात्कार: अधिकतम 20 अंक।

मिलेंगे 30 बोनस अंक

अभ्यर्थियों को अतिरिक्त योग्यता के आधार पर बोनस अंक दिए जाएंगे।

  • हैवी मोटर वाहन लाइसेंस: 5 अंक।
  • एनसीसी ‘सी’ या एनएसएस ‘सी’ प्रमाणपत्र: 5 अंक।
  • जिले की स्थानीय बोली का ज्ञान: 20 अंक।

वेतन और आरक्षण

चयनित अभ्यर्थियों को वेतन मैट्रिक्स लेवल-4 के अनुसार वेतन तथा नियमानुसार भत्ते मिलेंगे। भर्ती में महिलाओं, पूर्व सैनिकों, नगर सैनिकों, सहायक आरक्षकों और पूर्व अग्निवीरों के लिए शासन के निर्धारित आरक्षण प्रावधान लागू होंगे।

नोट: शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के लिए अलग-अलग तिथियां बाद में जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ शैक्षणिक एवं अन्य जरूरी प्रमाणपत्र संलग्न करने होंगे।


Share This Article
Advertisement Carousel