Korba CollectorKorba Collector
Share This Article

कोरबा, 26 नवंबर 2026। Korba Collector : सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाले चावल की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी। कोरबा जिले के पाली विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों में घटिया चावल वितरण की शिकायत मिलने पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चावल की गुणवत्ता को मंजूरी देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित राइस मिलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने सहित आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

राशन के घटिया चावल की शिकायत पर प्रशासन सख्त

बुधवार, 25 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कामकाज और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान पाली विकासखंड की राशन दुकानों में घटिया चावल वितरण का मामला सामने आया। कलेक्टर ने खाद्य विभाग को पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए।

DMF के अधूरे कामों पर होगी आरआरसी वसूली

जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) से स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राशि उपलब्ध होने के बावजूद वर्षों तक निर्माण कार्य अधूरे छोड़ना गंभीर लापरवाही है।

कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अप्रारंभ और अधूरे निर्माण कार्यों के मामलों में आरआरसी वसूली के प्रकरण तैयार करने तथा हर सप्ताह उनकी समीक्षा करने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग से संबंधित आरआरसी वसूली की कार्रवाई 15 दिसंबर तक पूरी करने को कहा गया। प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, विभागीय मंत्रियों और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

कृषि योजनाओं की समीक्षा, महिला किसानों को मिलेगा ड्रोन प्रशिक्षण

बैठक में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की प्रगति और जिले की रैंकिंग की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य और पशुधन विकास विभाग को कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने को कहा।

पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषक उत्पादक संगठन, प्राकृतिक खेती मिशन, परंपरागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, दलहन उत्पादन और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन की भी समीक्षा हुई। उद्यानिकी विभाग को 100 हेक्टेयर का निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं, लाइवलीहुड कॉलेज के माध्यम से महिला किसानों को मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत ‘ड्रोन दीदी’ पहल में प्रशिक्षण देने को कहा गया।

अतिक्रमण और जिला अस्पताल के निर्माण की भी होगी जांच

इतवारी बाजार में अतिक्रमण की शिकायत पर कलेक्टर ने एसडीएम को सीमांकन कराने और नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में घटिया निर्माण कार्य से संबंधित प्रकाशित समाचार पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम को कार्रवाई करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

महाविद्यालयों में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति दिलाने के लिए आवेदन प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। संबंधित कॉलेजों को पत्र जारी करने और एक सप्ताह में प्रगति नहीं होने पर नोटिस देने के निर्देश दिए गए।

नशे के खिलाफ अभियान और लंबित भुगतान पर चेतावनी

ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए समाज कल्याण विभाग को रैलियां आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस और आबकारी विभाग को चीताखोल सहित पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों पर शराब पीकर अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने को कहा गया।

कलेक्टर ने विद्युत विभाग को कोरबा विकासखंड के किसी एक गांव को सौर ऊर्जा आधारित बनाने की दिशा में पहल करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का तेजी से निराकरण करने और शिक्षा विभाग को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि (GPF) का भुगतान निर्धारित समय में करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान में अनावश्यक देरी होने पर जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, कोरबा वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Share This Article
Advertisement Carousel