PM Awas Yojana 2.0PM Awas Yojana 2.0
Share This Article

रायपुर, 26 नवंबर 2026। PM Awas Yojana 2.0 : प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर है। मकान निर्माण के दौरान सरकारी किस्तों का इंतजार अब निर्माण अवधि में नहीं गिना जाएगा। मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत पात्रता तय करने के नियमों में बदलाव किया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर निर्माण अवधि की गणना का नया फार्मूला लागू किया है।

निर्माण अवधि की गणना का बदला नियम

नए नियम के अनुसार, भवन अनुज्ञा जारी होने से लेकर मकान पूरा होने के जियोटैग तक की कुल अवधि में से तीन चरणों में किस्तों के भुगतान में लगा समय घटाया जाएगा। इसमें फाउंडेशन, लिंटल और रूफ स्तर पर जियोटैग होने के बाद संबंधित किस्त का भुगतान होने तक का समय शामिल है।

किस्तों में देरी से प्रभावित नहीं होगी पात्रता

पहले मकान निर्माण की अवधि में सरकारी किस्तों के भुगतान का इंतजार भी शामिल हो जाता था। ऐसे में समय पर राशि नहीं मिलने के बावजूद निर्माण में हुई देरी का नुकसान हितग्राहियों को उठाना पड़ सकता था।

नए प्रावधान से वास्तविक निर्माण अवधि का आकलन किया जाएगा। इससे सरकारी किस्तों के भुगतान में देरी होने पर हितग्राहियों की पात्रता प्रभावित होने की आशंका कम होगी।

32,850 रुपये की सम्मान राशि रहेगी बरकरार

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी नगरीय निकायों को नए निर्देशों का पालन करने को कहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि और लाभार्थियों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को 18 महीने के भीतर मकान निर्माण पूरा करने पर राज्य सरकार की ओर से 32,850 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। नए नियम से किस्तों के भुगतान में देरी के कारण प्रभावित होने वाले हितग्राहियों को राहत मिलने की उम्मीद है।


Share This Article
Advertisement Carousel