रायपुर 8 सितंबर 2025/ ETrendingIndia / Chief Minister Dr. Yadav visited the Bahuti waterfall of Mauganj, saw the milky water stream from the view point/ बहुती जल प्रपात मऊगंज , मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मऊगंज जिले के बहुती जल प्रपात का अवलोकन किया। उन्होंने वाटरफॉल के नजदीक जाकर व्यू प्वाइंट से जलप्रपात की गिरती हुई दूधिया जल धारा और वहां बनने वाले इंद्रधनुष की आभा को देखा।
पर्यटक स्थल के रूप में किया जा रहा है विकसित
कलेक्टर मऊगंज संजय जैन ने बताया कि बहुती जल प्रपात को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने एवं जन सुविधाओं के विकास के लिए 10 करोड़ रुपए लागत की कार्ययोजना प्रस्तावित की गई है।
बहुती प्रपात के अप स्ट्रीम में स्टॉप डैम का निर्माण प्रस्तावित है। स्टॉप डैम में जल का संचय होने से वाटर फॉल की जल धारा का बारह माह सदा अविरल प्रवाह बना रहेगा।
प्रदेश का सबसे ऊँचा बहुती जल प्रपात
बहुती जल प्रपात रीवा से 75 किलोमीटर दूर मऊगंज जिले में स्थित है। यह विन्ध्य क्षेत्र ही नहीं पूरे मध्यप्रदेश का सबसे ऊंचा जलप्रपात है।
बहुती में सेलर नदी 650 फीट की ऊंचाई से दो धाराओं में विभक्त होकर गिरती है।
नीचे सुंदर कुंड और चारों ओर घने वन हैं। जुलाई से सितम्बर माह तक इस प्रपात का सौंदर्य अपने चरम पर होता है।
प्रपात के समीप ही अष्टभुजा देवी का प्रसिद्ध मंदिर भी स्थित है।
प्रयागराज और बनारस से सड़क मार्ग से सीधे जुड़ा होने से उत्तरप्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहाँ पहुंचते हैं।
इसके पास ही भैंसहाई में प्रागैतिहासिक काल के भित्ति चित्र मिले हैं।