रायपुर, 11 जुलाई 2026/ Bastar Organic Farming: Bastar’s organic products will now be sold in Europe…! Major announcement by Deputy CM Vijay Sharma.
Bastar Organic Farming : छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर की प्राकृतिक और जैविक खेती को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि बस्तर के उन गांवों की पहचान की जाए, जहां आज तक रासायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं हुआ है। ऐसे गांवों के उत्पादों का जैविक प्रमाणन कर उन्हें यूरोप सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
नक्सल मुक्त गांव बनेंगे ऑर्गेनिक मॉडल
महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में नारायणपुर और कांकेर के नक्सल मुक्त गांवों के दौरे के दौरान किसानों ने बताया कि वे वर्षों से बिना रासायनिक खाद के खेती कर रहे हैं। सरकार अब इन गांवों को राष्ट्रीय जैविक उत्पादन कार्यक्रम (NPOP) और अन्य प्रमाणन प्रणालियों से जोड़कर उनकी खेती को वैश्विक मान्यता दिलाएगी।
किसानों की आय 3 से 4 गुना तक बढ़ने की उम्मीद
सरकार का मानना है कि जैविक प्रमाणन मिलने के बाद किसानों को उनके उत्पादों का मूल्य मौजूदा कीमत की तुलना में तीन से चार गुना अधिक मिल सकता है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और बस्तर की प्राकृतिक खेती को नई पहचान मिलेगी।
यूरोप तक पहुंचेंगे बस्तर के उत्पाद
बैठक में APEDA, कृषि विभाग और पंचायत विभाग के साथ मिलकर निर्यात की रणनीति पर चर्चा हुई। सरकार गुणवत्ता, प्रमाणन और विपणन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कर बस्तर के जैविक उत्पादों को यूरोपीय बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
5 जिलों में होगा विशेष सर्वे और टेस्टिंग
सरकार ने नारायणपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर और बीजापुर जिलों में संयुक्त टीम भेजने के निर्देश दिए हैं। ये टीमें जैविक क्षेत्रों का सर्वे, मिट्टी और उत्पादों की जांच तथा प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी करेंगी। इसके बाद बिहान के ‘छत्तीसकला’ ब्रांड के माध्यम से निर्यात की योजना बनाई जाएगी।
केंद्र से मांगी जाएगी विशेष छूट
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस्तर की विशेष परिस्थितियों को देखते हुए NPOP प्रमाणन के लिए आवश्यक तीन वर्ष की अवधि में छूट देने हेतु केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाए। साथ ही वनोपज को भी निर्यात योग्य बनाने की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
