रायपुर, 09 जून 2026/ ‘Bharat Bhagya Vidhata’ Film: CM Sai and Kangana Ranaut attend the screening of ‘Bharat Bhagya Vidhata’! They paid tribute to the unsung heroes of 26/11.
Bharat Bhagya Vidhata Film : 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान सेवा, साहस और समर्पण का परिचय देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की अनकही कहानी पर आधारित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग सोमवार को राजधानी रायपुर के जोरा मॉल में आयोजित हुई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिजनों के साथ शामिल हुए। इस दौरान अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत, फिल्म निर्देशक मनोज तापड़िया सहित फिल्म जगत और राजनीति से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह फिल्म उन अनसुने और अनदेखे नायकों को सम्मान देने का प्रयास है, जिन्होंने 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना सैकड़ों लोगों की जिंदगी बचाई। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में कार्यरत नर्सों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उस कठिन समय में असाधारण साहस का परिचय दिया था।
रायपुर में हुई खास स्क्रीनिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व का विषय है कि ‘भारत भाग्य विधाता’ जैसी महत्वपूर्ण फिल्म की स्क्रीनिंग रायपुर में आयोजित हो रही है और कंगना रनौत स्वयं यहां उपस्थित हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ को माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल बताते हुए अभिनेत्री का आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ की माटी के पुत्र हैं और उन्होंने एक बेहद संवेदनशील विषय को बड़े पर्दे पर लाने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इस फिल्म को ‘भारत भाग्य विधाता’ नाम दिया है।
कार्यक्रम में अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म की स्क्रीनिंग होना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद आयोजन में शामिल होकर पूरी टीम का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आपातकालीन परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई कर्मियों को सम्मान देकर उनके योगदान को सराहा गया।
जोरा मॉल में आयोजित इस खास स्क्रीनिंग कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, फिल्म कलाकार और बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद रहे।
