CG Board Alert: Promises to boost marks or turn a 'fail' into a 'pass'...! Board warns students and parents about fraudulent calls.CG Board Alert
Share This Article

रायपुर, 11 अगस्त 2026/ CG Board Alert : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों को फर्जी फोन कॉल से सावधान रहने की चेतावनी दी है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि अंक बढ़ाने, परीक्षा परिणाम में सुधार करने या अनुत्तीर्ण विद्यार्थी को उत्तीर्ण कराने के नाम पर आने वाले किसी भी कॉल पर भरोसा न करें और किसी को पैसे न दें।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा समाप्त हो चुकी है और फिलहाल उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम जारी है। इसी दौरान मंडल ने विद्यार्थियों और पालकों को संभावित ठगी को लेकर सतर्क किया है।

अंक बढ़ा देंगे, फेल को पास करा देंगे कहकर मांगते हैं पैसे

मंडल के मुताबिक वर्ष 2024 और 2025 में भी बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होने से पहले और बाद में कुछ विद्यार्थियों एवं पालकों को फर्जी फोन कॉल आने की शिकायतें मिली थीं।

इन कॉल में कथित तौर पर परीक्षा परिणाम में सुधार करने, अंक बढ़ाने या फेल विद्यार्थी को पास कराने के नाम पर पैसे की मांग की गई थी।

ऐसा कॉल आए तो क्या करें?

मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या उत्तीर्ण कराने के नाम पर फोन या किसी अन्य माध्यम से संपर्क करता है, तो उसकी बातों में न आएं।

  • किसी भी स्थिति में पैसे का लेन-देन न करें।
  • फर्जी कॉल या संदेश पर भरोसा न करें।
  • ऐसे मामलों की तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें।
  • अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी भी साझा करने से बचें।

बोर्ड का फर्जी कॉल से कोई संबंध नहीं

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के फर्जी कॉल या धनराशि की मांग का मंडल से कोई संबंध नहीं है। मंडल ने छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के झांसे में न आएं और बोर्ड परीक्षा परिणाम के नाम पर होने वाली संभावित ठगी से सतर्क रहें।