CG CM VishnuCG CM Vishnu
Share This Article

रायपुर, 15 सितंबर। CG CM Vishnu : राजधानी के तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर मंगलवार को उस वक्त माहौल खास हो गया, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का काफिला अचानक सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही मीरा के छोटे से पसरे के पास रुक गया। मुख्यमंत्री ने वहां रखे दीयों को देखा, मीरा से आत्मीय बातचीत की और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए वहीं से एक मिट्टी का दीया खरीदा। इसके साथ ही उन्होंने मीरा को 1000 रुपये देकर उसके श्रम, स्वाभिमान और स्वावलंबन का सम्मान किया।

सड़क किनारे पसरे पर अचानक पहुंचे CM साय

रोज की तरह मीरा तेलीबांधा मरीन ड्राइव में अपने छोटे से पसरे पर मिट्टी के दीये सजाकर ग्राहकों का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का काफिला वहां पहुंचा और उन्होंने बिना किसी औपचारिकता के मीरा के पास रुककर उसके काम और परिवार का हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री ने मीरा से पूछा कि क्या उसे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस पर मीरा ने बताया कि उसका प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाता खुला है और उसे महतारी वंदन योजना की राशि भी हर महीने मिल रही है।

जनधन और महतारी वंदन का लाभ सुनकर CM हुए प्रसन्न

मीरा से योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी पाकर मुख्यमंत्री साय ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की वास्तविक सफलता तभी है, जब उनका लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे और उनके जीवन को बेहतर बनाने में मदद करे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री जनधन योजना ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का काम किया है। इसका लाभ यह है कि विभिन्न सरकारी योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के जरिए प्रदेश की माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उन्हें रोजमर्रा के खर्चों में सहयोग के साथ आर्थिक आत्मविश्वास भी मिल रहा है।

मीरा से खरीदा दीया, 1000 रुपये देकर बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री साय ने मीरा के पसरे से मिट्टी का दीया खरीदकर उसके श्रम को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे सामान बेचने वाले छोटे विक्रेता, कुम्हार, शिल्पकार और स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाली महिलाएं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की ताकत हैं।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को खरीदने की अपील करते हुए कहा कि किसी स्थानीय कारीगर या छोटे विक्रेता से सामान खरीदना सिर्फ एक वस्तु खरीदना नहीं है, बल्कि उसके पीछे जुड़े परिवार के श्रम, हुनर और आजीविका को समर्थन देना है।

‘आशीर्वाद का दीया’ बनेगा सेवा और जनभागीदारी का प्रतीक

मीरा से मुख्यमंत्री द्वारा खरीदा गया मिट्टी का दीया अब ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का हिस्सा बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीया सिर्फ प्रकाश का माध्यम नहीं, बल्कि आशा, सकारात्मकता और संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह एक छोटा सा दीया अंधकार को दूर करता है, उसी तरह समाज का हर व्यक्ति सेवा का छोटा सा संकल्प लेकर आगे बढ़े तो सामूहिक प्रयास से बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में भागीदारी की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा का कोई काम छोटा नहीं होता। जरूरतमंद की मदद करना, पौधा लगाकर उसकी देखभाल करना, आसपास स्वच्छता रखना या स्थानीय कारीगर से सामान खरीदना भी जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।

तेलीबांधा के छोटे से पसरे से खरीदा गया एक मिट्टी का दीया अब श्रम के सम्मान, स्वावलंबन, सरकारी योजनाओं की जमीनी पहुंच और जनभागीदारी के संदेश से जुड़ गया है। इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।


Share This Article