CG Divyang EmployeesCG Divyang Employees
Share This Article

रायपुर, 29 सितंबर 2026। CG Divyang Employees : छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने दिव्यांग अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए जाने वाले वाहन भत्ते की दरों में बढ़ोतरी की मांग की है। फेडरेशन ने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर 18 मई 2023 को समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रस्तावित वाहन भत्ते की नई दरों को जल्द स्वीकृति देने का अनुरोध किया है। पत्र में दिव्यांग कर्मचारियों की वास्तविक जरूरतों और बढ़ती आवागमन लागत को देखते हुए भत्ते में संशोधन की मांग की गई है।

वर्तमान में 450 से 750 रुपये तक मिल रहा वाहन भत्ता

फेडरेशन के पत्र के अनुसार, समाज कल्याण विभाग के 16 सितंबर 2010 के आदेश के तहत दिव्यांग अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 1 सितंबर 2010 से न्यूनतम 300 रुपये और अधिकतम 500 रुपये प्रतिमाह वाहन भत्ता निर्धारित किया गया था। इसके बाद 18 फरवरी 2015 के विभागीय आदेश के जरिए 1 जनवरी 2015 से वाहन भत्ते की दरों में 50 प्रतिशत वृद्धि की गई और न्यूनतम दर 450 रुपये तथा अधिकतम दर 750 रुपये प्रतिमाह निर्धारित हुई।

2023 में 900 से 1500 रुपये करने का प्रस्ताव

फेडरेशन ने बताया कि महंगाई, ईंधन और वाहन संचालन से जुड़े खर्चों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए वाहन भत्ते की दरों में वृद्धि की मांग की जाती रही है। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग ने 18 मई 2023 को दिव्यांग कर्मचारियों के वाहन भत्ते की न्यूनतम दर 900 रुपये और अधिकतम दर 1500 रुपये प्रतिमाह किए जाने का प्रस्ताव भेजा था।

तीन साल से प्रस्ताव लंबित होने का दावा

फेडरेशन के मुताबिक, 18 मई 2023 को प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद वाहन भत्ते की संशोधित दरों के संबंध में शासन स्तर पर अब तक आदेश जारी नहीं हुआ है। पत्र में कहा गया है कि प्रस्ताव लंबे समय से लंबित रहने के कारण दिव्यांग अधिकारियों और कर्मचारियों में निराशा एवं असंतोष की स्थिति बन रही है।

मुख्य सचिव से चार मांगें रखीं

फेडरेशन ने मुख्य सचिव से मांग की है कि 18 मई 2023 को समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रस्तावित न्यूनतम 900 रुपये और अधिकतम 1500 रुपये प्रतिमाह वाहन भत्ते को स्वीकृति दी जाए। इसके साथ ही संबंधित मामले में शीघ्र शासनादेश जारी करने, प्रस्ताव लंबित रहने के कारणों की समीक्षा कर समयबद्ध निराकरण करने और संशोधित वाहन भत्ते का लाभ पात्र दिव्यांग अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासनादेश प्रभावी तिथि से दिए जाने का अनुरोध किया गया है।


Share This Article