Share This Article रायपुर, 26 सितंबर 2026। CG News : कबीरधाम जिले के चंडालपुर गांव को अब नई आधिकारिक पहचान मिल गई है। लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग के बाद शासन ने गांव का नाम बदलकर ‘चंदनपुर’ कर दिया है। नाम परिवर्तन के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तेज बारिश के बीच शुक्रवार देर रात गांव पहुंचे और ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपकर बधाई दी। इस दौरान ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए मिठाई बांटी और उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। राजपत्र में दर्ज हुआ चंदनपुर नाम छत्तीसगढ़ शासन ने चंडालपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया है। इसके साथ ही ‘चंदनपुर’ नाम अब सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टलों में दर्ज किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से भी दैनिक व्यवहार और बोलचाल में गांव के नए नाम का उपयोग करने की अपील की। वर्षों से उठ रही थी नाम बदलने की मांग ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि स्थानीय लोगों की भावनाओं और मांग को ध्यान में रखते हुए नाम परिवर्तन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा और राज्यपाल की स्वीकृति के बाद राजपत्र में नाम परिवर्तन का प्रकाशन किया गया। गांव के विकास के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा नाम परिवर्तन की खुशी के बीच उप मुख्यमंत्री ने गांव में विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस राशि से सीसी रोड और सामुदायिक भवन से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नाम परिवर्तन के लिए विशेष शिविर भी लगाया जाएगा। आधार सहित दस्तावेजों में बदलेगा गांव का नाम विशेष शिविर में ग्रामीणों के आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। राजपत्र में प्रकाशन के बाद सरकारी रिकॉर्ड में गांव की नई पहचान ‘चंदनपुर’ के नाम से दर्ज होगी। नई पहचान से जुड़ी ग्रामीणों की भावनाएं विजय शर्मा ने कहा कि गांवों के नाम केवल किसी स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनमें स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि ‘चंदनपुर’ नाम मिलना ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग और भावना के सम्मान का प्रतीक है। Share This Article Post navigation सेवा संकल्प अभियान : आस्था निकुंज वृद्धाश्रम में 25 वरिष्ठजनों को वस्त्र-फल वितरण, मंत्री ने जाना कुशलक्षेम… Asian Games Gold जीतकर छत्तीसगढ़ लौटी खुशी, CM साय ने संजू देवी से फोन पर की बात