CG Weather NewsCG Weather News
Share This Article

रायपुर, 13 सितंबर। CG Weather News : छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून जमकर मेहरबान रहा है। प्रदेश में 1 जून से 13 सितंबर 2026 तक सामान्य वर्षा का 99.9 प्रतिशत कोटा पूरा हो चुका है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की बारिश रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में अब तक 988.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों के 989.9 मिमी ऐतिहासिक औसत के लगभग बराबर है। हालांकि प्रदेश के कुछ जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है, तो कुछ इलाकों में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है।

24 घंटे में 12.6 मिमी बारिश, दंतेवाड़ा सबसे आगे

पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में 12.6 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान दंतेवाड़ा जिले में सबसे ज्यादा 46.3 मिमी बारिश दर्ज हुई। मानसून की मौजूदा स्थिति ने प्रदेश में जल संकट को काफी हद तक कम किया है और खरीफ फसलों के लिए भी परिस्थितियां राहत भरी बनी हुई हैं।

बलरामपुर में सामान्य से 177% बारिश, कई जिले टॉप पर

बारिश के आंकड़ों में सबसे चौंकाने वाली स्थिति बलरामपुर जिले की है। यहां अब तक 1482.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत का 177 प्रतिशत है। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 146.3 प्रतिशत, रायपुर में 131.8 प्रतिशत, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 127.1 प्रतिशत और महासमुंद में 125.7 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है।

बलौदाबाजार, मुंगेली, गरियाबंद और धमतरी जैसे मैदानी जिलों में भी सामान्य से अधिक बारिश ने कृषि गतिविधियों को मजबूती दी है। पर्याप्त वर्षा से खरीफ फसलों को भी फायदा पहुंचा है।

बेमेतरा और कांकेर में बारिश की कमी, किसान कर रहे इंतजार

जहां कई जिलों में मानसून ने जमकर पानी बरसाया है, वहीं कुछ क्षेत्रों में स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। बेमेतरा में अब तक सिर्फ 563.8 मिमी यानी सामान्य का 78.2 प्रतिशत पानी गिरा है, जो प्रदेश में सबसे कम है।

सरगुजा जिले में 589.4 मिमी यानी 79.7 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है। बस्तर संभाग में भी कांकेर में 67.1 प्रतिशत (924.5 मिमी), सुकमा में 70.5 प्रतिशत (975.2 मिमी) और बीजापुर में 74.7 प्रतिशत (1313.0 मिमी) बारिश हुई है। हालांकि नारायणपुर में 1352.7 मिमी और दंतेवाड़ा में 1216.0 मिमी वर्षा के कारण इन जिलों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है।

इन जिलों में सामान्य के आसपास बारिश

मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का आंकड़ा 10-वर्षीय औसत के आसपास पहुंच चुका है। बिलासपुर में 963.0 मिमी, कोरबा में 1056.9 मिमी, दुर्ग में 742.4 मिमी, सक्ती में 927.8 मिमी और जशपुर में 894.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में वर्षा सामान्य के लगभग 95 से 107 प्रतिशत के बीच रही है।

राजनांदगांव, कबीरधाम, रायगढ़, कोंडागांव और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में बारिश सामान्य से थोड़ी कम रही है, लेकिन खरीफ फसलों के लिहाज से स्थिति फिलहाल राहतजनक बताई जा रही है। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।


Share This Article