Ganna KisaanGanna Kisaan
Share This Article

रायपुर, 13 सितंबर 2026। Ganna Kisaan : कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। इस उपलब्धि के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों के लिए रियायती दर पर शक्कर वितरण की शुरुआत की। किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है। यह लगातार तीसरा वर्ष है, जब कारखाने से जुड़े किसानों को रियायती दर पर शक्कर दी जा रही है।

कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान भोरमदेव शक्कर कारखाने को वर्ष 2024-25 और 2025-26 में सर्वोच्च शुगर रिकवरी के लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से मिले एफिशिएंसी अवार्ड के लिए किसानों और कर्मचारियों को बधाई दी गई।

28 हजार किसानों को ₹30 किलो में मिलेगी शक्कर

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना किसानों का अपना कारखाना है और इसकी मजबूती किसानों की भागीदारी से ही संभव है। इस वर्ष 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है, जिसके बाद शेयरधारी किसानों की संख्या करीब 28 हजार हो गई है।

इन सभी शेयरधारी किसानों को 50 किलो शक्कर 30 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर उपलब्ध कराई जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लाभ सहकारिता की भावना और किसानों के कारखाने से जुड़ाव का परिणाम है।

2.55 लाख टन से बढ़ाकर 4 लाख टन गन्ना पेराई का लक्ष्य

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष भोरमदेव कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि कारखाने का संचालन लगातार सुचारु रूप से जारी रहे और इसका लाभ किसानों तक पहुंचता रहे।

दो साल देश में सबसे ज्यादा रिकवरी, मिला राष्ट्रीय अवार्ड

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने वर्ष 2024-25 और 2025-26 में देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल की। इस उपलब्धि के लिए कारखाने को राष्ट्रीय स्तर का एफिशिएंसी अवार्ड और प्रमाण पत्र मिला है।

विजय शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल कारखाने की नहीं है, बल्कि किसानों की मेहनत का परिणाम है। गुणवत्तापूर्ण गन्ना उत्पादन, किसानों का परिश्रम, कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना ने मिलकर कारखाने को नई पहचान दिलाई है।

उन्होंने किसानों से कारखाने से जुड़कर शेयरधारी बनने और गन्ना अनुबंध के माध्यम से इसकी गतिविधियों को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही किसानों को समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।

किसानों की सुविधा के लिए बनेगा डोम

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा की। इसका उद्देश्य किसानों को कारखाने में आने-जाने और विभिन्न कार्यों के दौरान बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कवर्धा के किसानों की मेहनत ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि बेहतर गन्ना उत्पादन और शक्कर की अच्छी रिकवरी किसानों के परिश्रम का परिणाम है। सरकार का प्रयास है कि गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उत्पादन में और वृद्धि हो।

त्योहारों से पहले किसानों के घर पहुंचेगी मिठास

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि तीजा पर्व और गणेश चतुर्थी की तैयारियों के बीच किसानों को रियायती दर पर शक्कर मिलना खुशी की बात है। त्योहारों के दौरान प्रसाद और पकवानों के लिए शक्कर की जरूरत होती है, ऐसे में किसानों को कम कीमत पर शक्कर मिलने से उनके घरों की खुशियों में भी मिठास बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से किसानों के हित में यह व्यवस्था फिर शुरू हुई है। सरकार गन्ना उत्पादक किसानों की सुविधाएं बढ़ाने और बोनस में वृद्धि के लिए भी आवश्यक प्रयास करेगी।


Share This Article