Farmer ID: Big news for farmers! Farmer IDs will be created at every doorstep; 0% interest on fertilizers will offer significant benefits.Farmer ID
Share This Article

रायपुर, 22 अगस्त 2026/ Farmer ID : मध्य प्रदेश में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से दिलाने के लिए फार्मर आईडी बनाने का अभियान 20 अगस्त से शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने या लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। सरकारी दल किसानों के पास पहुंचकर उनकी फार्मर आईडी बनाएंगे।

मुख्यमंत्री शनिवार को नई दिल्ली से शिवपुरी जिले की कृषि उपज मंडी, पिपरसमा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश के सभी किसानों से अपनी फार्मर आईडी जरूर बनवाने की अपील की।

खाद के लिए नहीं होगी पैसों की चिंता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों को खाद को लेकर भी बड़ी राहत देने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर अग्रिम खाद उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि पैसे की कमी खेती के आड़े न आए। उन्होंने कहा कि सरकार किसान के माथे पर चिंता की एक भी लकीर नहीं आने देगी।

ऋण चुकाने की 31 मार्च की समय-सीमा खत्म

किसानों के लिए एक और महत्वपूर्ण बदलाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले किसानों को ऋण की राशि 31 मार्च तक जमा करनी होती थी, लेकिन अब यह बाध्यता समाप्त कर दी गई है। किसान अब एक साल के भीतर अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी ऋण चुका सकेंगे।

ई-विकास 2.0 से खाद खरीदना होगा आसान

मुख्यमंत्री ने बताया कि ई-विकास प्रणाली को और अधिक सरल और किसान हितैषी बनाया गया है। ई-विकास 2.0 के तहत किसान अपनी जरूरत के अनुसार कोई भी एक उर्वरक खरीद सकेंगे। इसके लिए किसी दूसरे उर्वरक की अनिवार्य खरीद का संयोजन नहीं होगा।

खेती के साथ इन कामों से बढ़ाएं आमदनी

मुख्यमंत्री ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ बागवानी, डेयरी फार्मिंग, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसे क्षेत्रों को भी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान अब खेती के अलावा दूसरे माध्यमों से भी आय बढ़ा रहे हैं। उन्होंने शिवपुरी में होम-स्टे और पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि माधव टाइगर रिजर्व के कारण क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है, जिसका फायदा किसानों को मिल सकता है।

चना-गन्ना किसानों को दिन में मिलेगी बिजली

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल चना और गन्ने की फसल लगाने वाले किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे किसानों को रात में सिंचाई के लिए जागने की परेशानी से राहत मिलेगी।

किसानों को हर साल मिल रहे ₹12 हजार

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसान सम्मान निधि के तहत केंद्र और राज्य सरकार को मिलाकर किसानों को हर साल 12 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इस राशि से किसान खाद-बीज सहित खेती से जुड़ी आवश्यकताओं को समय पर पूरा कर सकते हैं। उन्होंने किसानों और लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि त्योहार से पहले खातों में भेजी गई है।


Share This Article