रायपुर, 10 जून 2026/ ETrendingIndia / “Closing of Summer Sports Training Camp at Swami Vivekananda Stadium, Kota, Raipur.” जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण, जिला रायपुर द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2026-27 का समापन समारोह आज स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा रायपुर में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान खिलाड़ियों द्वारा कराते, किक बॉक्सिंग एवं वेटलिफ्टिंग खेलों का आकर्षक एवं रोमांचक प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया।
खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन एवं प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम में शिविर का प्रतिवेदन पाठ किया गया। प्रतिवेदन में शिविर की अवधि, विभिन्न खेल विधाओं में सहभागिता, खिलाड़ियों की संख्या तथा प्रशिक्षण से प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई।
खेल अधिकारी श्री प्रवेश जोशी ने बताया कि 11 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित 21 दिवसीय शिविर में 19 खेल विधाओं के कुल 1110 खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को खेलों से जोड़ना एवं नियमित खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित करना रहा।
समापन समारोह में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण, खेल अधिकारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
निगम आयुक्त मिश्रा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
