Major action in IGKV paper leak scandal...! 6 arrested, including a professor; paper was circulated via WhatsApp.IGKV
Share This Article

रायपुर, 22 अगस्त 2026/ IGKV : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के बीएससी द्वितीय वर्ष कीट विज्ञान के पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दुर्ग के एक निजी कॉलेज से पेपर लीक होने के मामले में प्रोफेसर सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले का विस्तृत खुलासा शनिवार दोपहर करेगी।

जानकारी के मुताबिक, 20 अगस्त को होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही लीक हो गया था। इसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जिलों में एक साथ दबिश दी।

रायपुर समेत 5 जिलों में पुलिस की दबिश

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में आरोपियों की तलाश में दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को पेपर लीक मामले में कुछ छात्रों की भूमिका भी सामने आने की जानकारी मिली है।

WhatsApp के जरिए छात्रों तक पहुंचा प्रश्नपत्र

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर WhatsApp के जरिए प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचाया था। तकनीकी जांच, मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

16 से ज्यादा लोगों से हो चुकी पूछताछ

मामले की जांच में पुलिस अब तक 16 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है। कवर्धा के दो छात्रों से भी पूछताछ की गई थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र लीक करने की पूरी साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

दो घंटे पहले लीक हुआ था पेपर

सबसे अहम बात यह सामने आई है कि 20 अगस्त को होने वाली बीएससी द्वितीय वर्ष कीट विज्ञान की परीक्षा से महज दो घंटे पहले प्रश्नपत्र लीक हो गया था। मामले में अब पुलिस की जांच का फोकस पेपर लीक की पूरी कड़ी और इसमें शामिल अन्य लोगों पर है।


Share This Article