रायपुर, 09 जुलाई 2026/ IGKV Admission: Big news for students! B.Tech admissions have started at IGKV Raipur; register online between July 10 and July 20.
IGKV Admission : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए B.Tech (कृषि अभियांत्रिकी) और B.Tech (खाद्य प्रौद्योगिकी) प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 से 20 जुलाई 2026 (रात्रि 11 बजे तक) ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के अनुसार प्रवेश PET-2026, JEE Main-2026 और 12वीं (गणित समूह) की मेरिट के आधार पर विश्वविद्यालय के प्रवेश नियम-2026 के अनुसार किया जाएगा। निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।
23 जुलाई को जारी होगी मेरिट लिस्ट
ऑनलाइन पंजीयन करने वाले अभ्यर्थियों की प्रावीण्य (मेरिट) सूची 23 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।
24 से 30 जुलाई तक होगी सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया
विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 24 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक विभिन्न चरणों में सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसमें PET-2026, JEE Main-2026 तथा 12वीं (गणित समूह) के अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी
विश्वविद्यालय ने बताया कि प्रवेश विज्ञापन, ऑनलाइन काउंसिलिंग की समय-सारणी, पंजीयन प्रक्रिया, दिशा-निर्देश, सीटों का विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी www.igkv.ac.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने और नियमित रूप से वेबसाइट पर अपडेट देखने की सलाह दी गई है।
