Korba Collector NewsKorba Collector News
Share This Article

कोरबा, 30 अक्टूबर 2026। Korba Collector News : कोरबा जिले में स्कूलों की व्यवस्था जांचने पहुंचे कलेक्टर कुणाल दुदावत का एक अलग अंदाज देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान वे सीधे बच्चों की कक्षा में पहुंचे और खुद शिक्षक बनकर ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लिखने लगे। उन्होंने बच्चों से सवाल हल करवाए और अंग्रेजी के पाठ पढ़वाकर उनका हिंदी में अनुवाद भी कराया। कलेक्टर ने तरदा और सराईसिंगार के प्राथमिक स्कूलों का निरीक्षण कर पढ़ाई की गुणवत्ता, मध्यान्ह भोजन और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान बिना अनुमति अनुपस्थित मिले दो शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

बच्चों के बीच बैठकर कलेक्टर ने ली क्लास

सराईसिंगार प्राथमिक स्कूल की पांचवीं कक्षा में कलेक्टर बच्चों के बीच बैठ गए। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई को लेकर बातचीत की और उनकी समझ परखी। ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लिखकर हल करवाए। इसके बाद अंग्रेजी के पाठ पढ़वाए और बच्चों से उनका हिंदी में अर्थ बताने को कहा। सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने नियमित पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

स्कूलों में भोजन और पढ़ाई की व्यवस्था जांची

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, गणवेश और पाठ्यपुस्तक वितरण की जानकारी ली। उन्होंने सुबह के नाश्ते और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। तरदा स्कूल की शिक्षिका को अंग्रेजी के पाठों का हिंदी में सरल अनुवाद समझाने के लिए कहा, ताकि बच्चे विषय को बेहतर तरीके से सीख सकें।

बच्चों ने मांगी शौचालय, खेल सामग्री और फर्नीचर की सुविधा

सराईसिंगार स्कूल के बच्चों ने कलेक्टर के सामने शौचालय, किचन, खेल सामग्री और फर्नीचर की जरूरत बताई। कलेक्टर ने उनकी मांगों को प्राथमिकता से पूरा कराने का भरोसा दिया। उन्होंने स्कूल में मरम्मत, रंगरोगन, साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कक्षाओं में पर्याप्त पंखे और ट्यूबलाइट लगाने को भी कहा।

पुराने भवन को हटाने और अधूरे निर्माण पूरे करने के निर्देश

तरदा प्राथमिक स्कूल में पुराने आंगनबाड़ी भवन को जल्द हटाने, नए शौचालय निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने, किचन शेड का अधूरा काम पूरा कराने और बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, दोनों स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया।

बिना अनुमति गायब मिले दो शिक्षक, नोटिस जारी करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान दो शिक्षक बिना सक्षम अनुमति के अनुपस्थित पाए गए। इस पर कलेक्टर ने संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी करने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने तरदा और सराईसिंगार के आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया तथा बच्चों को नियमित नाश्ता, पौष्टिक भोजन और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां उपलब्ध कराने को कहा। इस दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Share This Article