मध्य प्रदेश स्पेस टेक
मध्य प्रदेश स्पेस टेक
Share This Article

रायपुर 23 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / मध्य प्रदेश स्पेस टेक , मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश स्पेस टेक नीति–2026 राज्य को भारत की नई अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में सशक्त भूमिका निभाने में सक्षम बनाएगी।

यह नीति नवाचार, अनुसंधान और आधुनिक तकनीक के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य स्पेस टेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप-टेक जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देना और मध्यप्रदेश को एक प्रमुख स्पेस टेक हब के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि “प्राचीन भारत का ग्रीनविच” कहे जाने वाले उज्जैन की खगोलीय विरासत को आधुनिक विज्ञान और एआई तकनीक से जोड़कर अंतरिक्ष अनुसंधान का नया केंद्र बनाया जाएगा। हाल ही में मध्यप्रदेश क्षेत्रीय एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस–2026 में स्पेस टेक नीति–2026 का शुभारंभ किया गया।

यह नीति अंतरिक्ष क्षेत्र के सभी चरणों—उपग्रह निर्माण, प्रक्षेपण, परीक्षण, मिशन संचालन और डेटा विश्लेषण—के विकास के लिए समग्र ढांचा प्रदान करती है। इसके तहत स्पेस टेक मैन्युफैक्चरिंग पार्क, परीक्षण प्रयोगशालाएं, क्लीन रूम और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पात्र इकाइयों को पूंजी अनुदान और विभिन्न प्रोत्साहन भी मिलेंगे।

नीति के माध्यम से स्टार्ट-अप्स और एमएसएमई को बढ़ावा दिया जाएगा तथा उज्जैन में खगोल भौतिकी एवं अंतरिक्ष विज्ञान का अनुसंधान केंद्र स्थापित होगा। इस नीति से मध्यप्रदेश देश के प्रमुख टियर-2 स्पेस टेक हब के रूप में उभरेगा।