Major directive from the PWD! Work orders to be issued within 15 days; engineers instructed to spend 2 days every week in the field.PWD
Share This Article

रायपुर, 27 नवंबर। PWD: छत्तीसगढ़ में अब सरकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही और देरी करने वाले ठेकेदारों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सड़कों की बदहाल स्थिति से लेकर अधूरे निर्माण कार्यों तक, लोक निर्माण विभाग ने हर स्तर पर जवाबदेही तय करने की तैयारी कर ली है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए हैं कि खराब निर्माण को दोबारा कराया जाए, टेंडर मंजूर होने के 15 दिन के भीतर वर्क ऑर्डर जारी हो और मुख्य अभियंता हर सप्ताह दो दिन निर्माण स्थलों पर पहुंचकर काम की गुणवत्ता जांचें।

शुक्रवार को मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव ने विभाग के विभिन्न परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान निर्माणाधीन सड़कों, पुलों, भवनों और नए प्रस्तावित कार्यों की निविदा प्रक्रिया की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने और लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए सचिव ने सभी मुख्य अभियंताओं को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल कार्यालयों में बैठकर समीक्षा करने के बजाय मौके पर पहुंचकर काम की गुणवत्ता और रफ्तार का आकलन किया जाए। इसके साथ ही अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक के अधिकारियों की नियमित बैठक लेकर परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जल्द शुरू होंगे नए काम

सचिव मुकेश कुमार बंसल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 और वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत निर्माण परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा है। उनका जोर इस बात पर रहा कि प्रशासनिक और निविदा संबंधी प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी न हो तथा स्वीकृत परियोजनाओं का काम जल्द धरातल पर शुरू किया जाए। उन्होंने सभी परियोजनाओं में भौतिक निर्माण और वित्तीय व्यय की प्रगति बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

गुणवत्ता से समझौता नहीं

बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी कड़ा संदेश दिया गया। सचिव ने कहा कि ठेकेदारों की ओर से निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं किए जाने पर संबंधित हिस्सों को बेहतर गुणवत्ता के साथ दोबारा तैयार कराया जाए। इसके लिए उन्होंने विशेष रूप से तीन स्थानों का उल्लेख किया- मानपुर-कोहका: राष्ट्रीय राजमार्ग के खराब हिस्से को सुधारने के निर्देश। गरियाबंद: राष्ट्रीय राजमार्ग के संबंधित हिस्से में गुणवत्ता सुधारने को कहा। कबीरधाम: परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर नए सिरे से बनाने के निर्देश।उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण सामग्री के मानक और काम की गुणवत्ता से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए। सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं।

ठेकेदारों के काम की निगरानी के साथ भुगतान पर भी जोर

समीक्षा बैठक में सचिव ने निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों के काम की नियमित एवं सख्त मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत किए गए कार्यों का भुगतान भी नियमित रूप से किया जाए, ताकि निर्माण गतिविधियों में बाधा न आए। बैठक में केवल निर्माण परियोजनाओं तक ही समीक्षा सीमित नहीं रही। जमा मद के कार्यों, भूमि अधिग्रहण, वन भूमि व्यपवर्तन, न्यायालयीन प्रकरणों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन संबंधी मामलों की भी जानकारी ली गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और सीपीग्राम्स (CPGRAMS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।


Share This Article
Advertisement Carousel