Raipur NewsRaipur News
Share This Article

रायपुर, 23 सितंबर 2026। Raipur News : गणेश विसर्जन झांकियों के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ बैठक की। C-4 भवन में हुई बैठक में पुलिस के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में झांकियों के संचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों पर चर्चा हुई, जबकि सदर बाजार क्षेत्र के प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर समितियों के आयोजकों ने सहमति नहीं जताई।

झांकियों के संचालन को लेकर तय किए गए नियम

पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से निर्धारित रूट, समय और झांकियों के क्रम का पालन करने को कहा। झांकियों को अनावश्यक रूप से रास्ते में रोकने से बचने और पीछे आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक समिति को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।

नशा और हथियार पर रोक, DJ को नियमों में रखना होगा

बैठक में आयोजकों ने झांकी के दौरान नशे का सेवन नहीं करने और किसी भी प्रकार के हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखने पर सहमति जताई। DJ और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार करने को कहा गया। आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने तथा पुलिस और यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की बात भी कही गई।

सदर बाजार के जर्जर भवन बने सुरक्षा की बड़ी चिंता

सदर बाजार क्षेत्र में मौजूद जर्जर भवनों को लेकर बैठक में विशेष चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF के अधिकारियों ने झांकियों के गुजरने के दौरान संभावित सुरक्षा जोखिमों से आयोजकों को अवगत कराया। सुरक्षा के मद्देनजर झांकियों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति जताई।

रूट नहीं बदलेगा तो साउंड पर सख्ती से पालन

रूट परिवर्तन पर सहमति नहीं बनने के बाद सदर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा के अन्य उपायों पर चर्चा हुई। आयोजकों ने सहमति दी कि यहां ध्वनि यंत्रों का साउंड निर्धारित मानक के भीतर रखा जाएगा। साथ ही DJ के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखने पर भी सहमति बनी। पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और SDRF की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की बात भी आयोजकों ने स्वीकार की।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर पूरा फोकस

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। सभी समितियों से अपने पदाधिकारियों और वॉलंटियर्स को निर्देशों की जानकारी देने तथा विसर्जन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।


Share This Article