Pandit Pradeep Mishra Pandit Pradeep Mishra
Share This Article

रायपुर, 25 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / पवित्र श्रावण मास के अवसर पर मंगलवार को मध्य प्रदेश के सीहोर के सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक निकाली गई भव्य कांवड़ यात्रा में आस्था का जनसैलाब उमड़ा।

अंतरराष्ट्रीय कथावाचक, भागवतभूषण और कुबेरेश्वर धाम चितावलिया हेमा के पीठाधीश्वर पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में तेज बारिश के बीच कावड़ यात्रा ऐतिहासिक बन गई।

विधायक सुदेश राय भी सपरिवार शामिल हुए

सीहोर के विधायक श्री सुदेश राय, जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री राकेश राय, वरिष्ठ समाजसेवी श्री अखलेश राय, श्री नीलेश राय भी इस यात्रा में सपरिवार उपस्थित हुए।

नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने पंडित प्रदीप मिश्रा का किया स्वागत

नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी अपने सहयोगियों के साथ कांवड़ यात्रा में सहभागिता की।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है।

300 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी व्यवस्थाओं में जुटे

ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन के साथ नगर पालिका परिषद की टीम भी व्यवस्थाओं में पूरी तरह जुटी रही।

नगर पालिका के करीब 300 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक विभिन्न व्यवस्थाओं में तैनात रहे। स्वच्छता, पेयजल, यातायात सहयोग और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर कर्मचारियों ने लगातार सेवाएं दीं।

कांवड़ भरने के लिए लगाए करीब 600 नल

कांवड़ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीवन नदी क्षेत्र में करीब 600 नलों की व्यवस्था की गई। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को कांवड़ में जल भरने में सुविधा मिली।

इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए दर्जनों कचरा वाहन लगाए गए और सफाईकर्मियों की टीम लगातार काम करती रही।

नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का सीहोर पहुंचना शहरवासियों के लिए सौभाग्य की बात है।

नगर पालिका का प्रयास रहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। यात्रा मार्ग पर स्वच्छता, पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मार्ग

कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कंधों पर कांवड़ और हाथों में भगवा ध्वज लिए शिवभक्त भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए कुबेरेश्वरधाम की ओर बढ़ते रहे।

हर-हर महादेव, बम-बम भोले और श्री शिवाय नमस्तुभ के जयघोष से सीवन नदी से कुबेरेश्वरधाम तक का पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया।


Share This Article