SIT Investigation: Ram Mandir donation box controversy...! Probe into 43 employees... Tinu Yadav responds to questions raised about his assets.
SIT Investigation
Share This Article

अयोध्या, 16 जून 2026/ SIT Investigation: Ram Mandir donation box controversy…! Probe into 43 employees… Tinu Yadav responds to questions raised about his assets.

SIT Investigation : राम मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर चल रही विशेष जांच दल (SIT) की जांच के बीच चंपत राय के करीबी माने जाने वाले राम शंकर यादव उर्फ टीनू यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे सभी आरोप मनगढ़ंत हैं और कुछ लोग ईर्ष्या व दुर्भावना के कारण ऐसी बातें फैला रहे हैं।

1983 से संगठन के लिए काम करने का दावा

एक समाचार चैनल से बातचीत में टीनू यादव ने कहा कि वह वर्ष 1983 से संगठन के लिए काम कर रहे हैं और उनकी संपत्ति को लेकर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी को उनकी संपत्ति पर संदेह है तो उसकी जांच कराई जा सकती है। उनका दावा है कि उनका मकान और अन्य संपत्तियां मंदिर निर्माण से पहले की हैं तथा उन्होंने पहले ही जमीन खरीद रखी थी। उन्होंने यह भी बताया कि वह लंबे समय से हॉस्टल का संचालन करते रहे हैं।

टीनू यादव ने राम मंदिर में किसी प्रकार की चोरी या अनियमितता से इनकार करते हुए कहा कि चंपत राय पर लगाए जा रहे आरोप भी निराधार हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस सबूत के आरोप लगाए जा रहे हैं और पूरे मामले को अनावश्यक रूप से प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी के पास कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

जांच एजेंसी को सहयोग करने का वादा

उन्होंने बताया कि अब तक SIT की ओर से उनसे कोई पूछताछ नहीं की गई है। हालांकि, यदि जांच एजेंसी उन्हें बुलाती है तो वह पूरा सहयोग करेंगे। टीनू यादव के अनुसार, मंदिर ट्रस्ट में उनकी भूमिका सेवा कार्यों तक सीमित रही है। वह साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं तथा आज भी नियमित रूप से मंदिर जाते हैं।

उधर, SIT का फोकस फिलहाल दानपेटियों से निकले नोटों की गिनती और चढ़ावे के प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया की जांच पर है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं किसी स्तर पर कोई अनियमितता तो नहीं हुई। सूत्रों के अनुसार, नोटों की गिनती और उन्हें गड्डियों में तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों को जांच के दायरे में लिया गया है। बताया जा रहा है कि अब तक करीब 43 कर्मियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले को लेकर जांच लगातार जारी है और अब सभी की नजरें SIT की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।