VB G Ram Ji Yojana: A new model of good governance in villages! Over 7 lakh QR code scans—citizens can now personally track the details of development works.VB G Ram Ji Yojana
Share This Article

रायपुर, 07 सितंबर। VB G Ram Ji Yojana : छत्तीसगढ़ में ग्राम पंचायतों के स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए शुरू की गई QR Code आधारित सूचना प्रणाली ने एक साल पूरा कर लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल को ग्रामीणों और आम लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। पिछले एक वर्ष में ग्राम पंचायतों में लगाए गए QR Code को 7 लाख से अधिक बार स्कैन किया गया। यानी औसतन हर दिन 2 हजार से ज्यादा लोगों ने योजना से जुड़ी जानकारी हासिल की।

एक QR Code से गांव के विकास कार्यों की जानकारी

इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए ग्रामीणों को अपनी ग्राम पंचायत में योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में कराए गए कार्यों, भुगतान और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही जगह उपलब्ध कराई गई हैं। पहले इन जानकारियों के लिए संबंधित कार्यालयों का रुख करना पड़ता था, लेकिन QR Code ने जानकारी को सीधे आमजन की पहुंच में ला दिया है। अब ग्रामीण अपने मोबाइल फोन से QR Code स्कैन कर अपने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विवरण देख सकते हैं।

‘जानकारी सबकी, निगरानी सबकी’ को मिली मजबूती

इस पहल का सबसे बड़ा असर पारदर्शिता और सामाजिक निगरानी के स्तर पर देखने को मिला है। योजना से जुड़े कार्य और भुगतान की जानकारी सार्वजनिक होने से ग्रामीण अपने क्षेत्र में हुए कामों की निगरानी खुद कर सकते हैं। इससे आमजन केवल सूचना मांगने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर विकास कार्यों की निगरानी में सीधे भागीदार बनते हैं। सरकार का मानना है कि इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही बढ़ने के साथ संभावित अनियमितताओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

RTI और शिकायतों में भी कमी का दावा

ग्राम पंचायत स्तर पर योजना से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध होने का असर सूचना का अधिकार (RTI) आवेदनों और योजना संबंधी शिकायतों पर भी पड़ने का दावा किया गया है। जानकारी सीधे उपलब्ध होने से लोगों को छोटी-छोटी जानकारियों के लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत कम हुई है। इससे प्रशासनिक प्रक्रिया को अधिक सरल और जनोन्मुखी बनाने में मदद मिलने की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित हुआ नवाचार

QR Code आधारित इस पहल को इसकी उपयोगिता और प्रभावशीलता के लिए मुख्यमंत्री एक्सीलेंस अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है। एक साल में 7 लाख से ज्यादा स्कैन का आंकड़ा यह बताता है कि ग्रामीण इलाकों में सरकारी योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से हासिल करने की रुचि बढ़ रही है। सरकार के मुताबिक, तकनीक, पारदर्शिता और जनभागीदारी के इस मॉडल को आगे भी मजबूत किया जाएगा। ग्राम पंचायतों तक डिजिटल सूचना की पहुंच बढ़ने से आने वाले समय में ग्रामीण विकास कार्यों की निगरानी में आमजन की भूमिका और मजबूत हो सकती है।


Share This Article