Youth Conclave 2026Youth Conclave 2026
Share This Article

भोपाल, 06 अक्टूबर 2026। Youth Conclave 2026 : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 में युवाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 को मध्यप्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की एक के बजाय दो परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही 12 नए मेडिकल कॉलेज और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के लिए 12 नए विश्वविद्यालय शुरू किए जाएंगे।

युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार पर बड़ा फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन योजना से जोड़ा जाएगा। सभी जिलों के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी। कॉलेजों में बेहतर प्लेसमेंट के लिए विशेष एजेंसी निर्धारित की जाएगी, जो युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम करेगी।

सभी शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस कंप्यूटिंग लैब स्थापित करने की भी घोषणा की गई। शोधार्थियों को मिलने वाली राशि 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

स्टार्टअप और इनोवेशन के लिए 5 करोड़ का आइडिया फंड

युवाओं के स्टार्टअप आइडिया को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तर पर 5 करोड़ रुपये का आइडिया फंड बनाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि युवाओं को स्टार्टअप के लिए 5 लाख रुपये तक अनुदान की व्यवस्था है। भोपाल में एआई और नॉलेज सिटी तथा उज्जैन में साइंस सिटी विकसित करने की दिशा में भी काम चल रहा है।

खेल और तकनीक को मिलेगी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा वर्ष के दौरान खेल क्षेत्र को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में युवाओं के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं। उच्च शिक्षा में स्पोर्ट्स को एक कोर्स के रूप में शामिल किया गया है और कॉलेजों में स्पोर्ट्स कोच की नियुक्ति की गई है।

इसके अलावा राज्य सरकार तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और नवाचार के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने पर जोर दे रही है।

हर संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाने की घोषणा की। राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रदेश में 500 नई इकाइयां बनाने की भी बात कही गई। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद किया और उनके सपनों, आकांक्षाओं तथा सरकार से अपेक्षाओं पर चर्चा की। सीएम यूथ कॉन्क्लेव में जुबिन नौटियाल और कबीर कैफ की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। मुख्यमंत्री ने एआई रोबोट ‘बडी’ के साथ मंच पर कदमताल भी की और सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मध्यप्रदेश सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के पंजीयन का शुभारंभ किया।


Share This Article