रायपुर, 07 जून 2026/ ETrendingIndia / “Chief Minister SC/ST Students Utkarsh Yojana: Rural talented students to get admission in excellent private residential schools, last date to apply is 15th June” छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के ग्रामीण प्रतिभावान छात्रों को देश के उत्कृष्ट निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व नाम जवाहर उत्कर्ष योजना) के तहत प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सत्र 2026-27 के लिए चयन परीक्षा 05 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी।
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के आयुक्त श्री डी. राहुल वेंकट ने इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों को परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन हेतु आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए विशेष प्रावधान
विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने बताया कि राज्य के इतिहास में पहली बार प्रदेश की विशेष पिछड़ी जनजातियों , बैगा, बिरहोर, अबुझमाड़िया, कमार और पहाड़ी कोरवा के बच्चों के लिए इस योजना में 2 प्रतिशत आरक्षण का विशेष प्रावधान किया गया है।
प्रमुख तिथियां
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून 2026, प्रवेश परीक्षा की तिथि 05 जुलाई 2026 को दोपहर 12 से 02 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
पात्रता एवं शर्तें
इस योजना का लाभ उठाने के लिए विद्यार्थियों को निम्न शर्तें पूरी करनी होंगी। छात्र को छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए तथा अनुसूचित जाति (SC) या अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से संबंधित हो। पालक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 2,50,000 रुपये (ढाई लाख) से अधिक नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थी वर्तमान में किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 5वीं में नियमित रूप से पढ़ रहा हो। कक्षा 4थी की परीक्षा में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त होना अनिवार्य है।
केवल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए
योजना का लाभ केवल ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और नगर पंचायत क्षेत्रों के स्कूलों से कक्षा 4थी उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को मिलेगा। नगर पालिका और नगर निगम क्षेत्र के छात्र इसके पात्र नहीं होंगे।
परीक्षा का पैटर्न
प्रवेश परीक्षा में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की कुल अवधि 120 मिनट (2 घंटे) होगी। परीखा का विषय विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, हिन्दी और पर्यावरण होगा। प्रत्येक विषय से 20-20 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे।
योजना के लाभ
चयनित विद्यार्थियों को राज्य के प्रतिष्ठित निजी आवासीय स्कूलों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा मिलेगी। पढ़ाई, रहने और खाने का संपूर्ण खर्च आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।
इस संबध में अधिक जानकारी के लिए-योजना के नियम, आवेदन प्रारूप और विस्तृत विवरण के लिए विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in का अवलोकन करें।
