रायपुर, 12 जुलाई 2026/ Environment: A massive campaign for environmental conservation…! Union Agriculture Minister to interact with 17,000 ‘Tree Friends’ at Pusa.
Environment : केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को नई दिल्ली स्थित पूसा परिसर में आयोजित पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस अवसर पर वे देशभर के लगभग 17 हज़ार वृक्ष मित्रों से संवाद कर पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का सशक्त अभियान बनाने का आह्वान करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार सुबह 11:30 बजे पूसा परिसर के सुब्रमण्यम हॉल में होगा। इसमें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र से जुड़ी देश की प्रतिष्ठित हस्तियां एवं 500 से अधिक वृक्ष मित्र प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे जबकि 16 हज़ार से अधिक प्रतिभागी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
प्रख्यात पर्यावरणविद अनिल जोशी और अनूप हजेला भी होंगे शामिल
कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध पर्यावरणविद अनिल जोशी और अनूप हजेला भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे तथा पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और जनभागीदारी के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।
वृक्ष मित्रों के साथ करेंगे पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम में देश के लगभग सभी राज्यों से ऐसे वृक्ष मित्र शामिल होंगे, जिन्होंने वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पूसा परिसर में वृक्ष मित्रों के साथ पौधरोपण कर हरित भारत के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश देंगे।
