रायपुर, 28 जुलाई। CG Teachers Salary : छत्तीसगढ़ के सरकारी शिक्षकों के लिए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने बड़ा फैसला लिया है। अब जुलाई 2026 से शिक्षकों का वेतन ऑनलाइन अटेंडेंस के आधार पर जारी किया जाएगा। यानी जिस दिन शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करेंगे, उस दिन के वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा।
सिर्फ स्कूल पहुंचना काफी नहीं
डीपीआई के नए निर्देश के मुताबिक अब केवल स्कूल में मौजूद रहना पर्याप्त नहीं होगा। शिक्षकों को निर्धारित ऑनलाइन प्रणाली में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी अनिवार्य होगी। यदि किसी दिन ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज नहीं होती है, तो उस दिन के वेतन पर सीधा असर पड़ेगा।
चेतावनी के बाद अब सख्ती
शिक्षा विभाग पहले भी ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर वेतन रोकने और ‘ब्रेक इन सर्विस’ जैसी कार्रवाई की चेतावनी दे चुका था। अब विभाग ने इस व्यवस्था को सीधे वेतन भुगतान से जोड़ते हुए सख्त आदेश लागू कर दिया है।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
विभागीय जानकारी के अनुसार कई मामलों में शिक्षक स्कूल पहुंचे, लेकिन ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज नहीं की। कुछ ने तकनीकी समस्या का हवाला दिया, जबकि कई मामलों में लापरवाही भी सामने आई। ऐसे मामलों को देखते हुए विभाग ने अब स्पष्ट कर दिया है कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर वेतन प्रभावित होगा।
शिक्षकों में बढ़ी चिंता
इस नए आदेश के बाद प्रदेशभर के सरकारी शिक्षकों में चिंता का माहौल है। खासकर दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी और तकनीकी समस्याएं अक्सर बनी रहती हैं, वहां इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

