Share This Article रायपुर / 26 सितंबर 2026 / ETrendingIndia / छत्तीसगढ़ के शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आगामी 7 एवं 8 अक्टूबर को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में दो दिवसीय वृहद राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के दूसरे दिन 08 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं कौशल विकास व रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाने प्रस्तावित हैं। अब तक 8,720 रिक्तियां प्राप्त राज्य स्तरीय रोजगार मेले के लिए विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कंपनियों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से रिक्तियों के संकलन का कार्य लगातार जारी है। अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से कुल 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। उपलब्ध रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है, ताकि अभ्यर्थी अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार पदों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकें। अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी संपर्क किया जा रहा है, जिससे मेले में उपलब्ध रोजगार अवसरों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। विविध क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मेले में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एवं मार्केटिंग, बैंकिंग एवं फाइनेंस, ऑफिस वर्क एवं मानव संसाधन, कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स एवं डिलीवरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्राप्त रिक्तियों में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर (QA/QC), सेल्स एग्जीक्यूटिव/ऑफिसर, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, केयर टेकर, सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, बाइक राइडर, पिकर-पैकर तथा विभिन्न ट्रेडों में अप्रेंटिस एवं ट्रेनी सहित अनेक पद शामिल हैं। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग (बी.ई./बी.टेक.), कृषि स्नातक (B.Sc. Agri), सामान्य स्नातक तथा स्नातकोत्तर (MBA/MCA आदि) योग्यताधारी युवा अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। प्रमुख कंपनियां एवं संस्थाएं होंगी शामिल रोजगार मेले के लिए अब तक क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स–सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स, फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं। इन संस्थाओं द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों में भी कार्य के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। ई-रोजगार पोर्टल से होगी ऑनलाइन आवेदन एवं चयन प्रक्रिया मेले की चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक युवा घर बैठे उपलब्ध रिक्तियों का अवलोकन कर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार उपयुक्त पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। नियोजक भी पोर्टल पर उपलब्ध अभ्यर्थियों की प्रोफाइल एवं आवेदन के आधार पर चयन प्रक्रिया संचालित कर सकेंगे। इससे मेले के पूर्व भी आवश्यकतानुसार अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग एवं प्रारंभिक चयन प्रक्रिया की जा सकेगी। Share This Article Post navigation Railway NTPC UG Recruitment 2026 : 1,688 पदों पर भर्ती का Indicative Notice जारी, 15 अक्टूबर से आवेदन IIT गोवा में रजिस्ट्रार समेत 3 गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती, 2 अक्टूबर तक करें आवेदन