Asian Games GoldAsian Games Gold
Share This Article

रायपुर, 26 सितंबर 2026। Asian Games Gold : जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी भी भारतीय टीम की सदस्य रहीं। जीत के बाद मुख्यमत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। भारत ने महिला कबड्डी में एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक चौथी बार जीता है।

मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी को दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल के दम पर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्णिम सफलता के लिए बधाई दी।

कोरबा की बेटी ने एशियन गेम्स में बढ़ाया मान

कोरबा जिले की रहने वाली संजू देवी भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा हैं। एशियन गेम्स से पहले भी वह भारतीय टीम में अपनी जगह बना चुकी थीं और 2025 महिला कबड्डी विश्व कप में उन्हें टीम की महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया था।

ईरान को हराकर भारत ने जीता गोल्ड

एशियन गेम्स 2026 के महिला कबड्डी फाइनल में भारत और ईरान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। भारतीय टीम ने 37-34 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस जीत के साथ भारत ने 2022 एशियन गेम्स में जीता महिला कबड्डी का खिताब भी बरकरार रखा। भारत ने इससे पहले 2010 और 2014 में भी महिला कबड्डी का स्वर्ण जीता था, जबकि 2018 में रजत पदक हासिल किया था।

युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनीं संजू देवी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी की सफलता छत्तीसगढ़ की उन बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों, आदिवासी क्षेत्रों और छोटे शहरों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और उचित मंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे। संजू देवी की उपलब्धि के बाद कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खेल प्रेमियों में उत्साह है।


Share This Article