StartUp CGStartUp CG
Share This Article

रायपुर, 29 सितंबर। StartUp CG : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति प्रदेश के भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित रहने के बजाय अपने कौशल, नवाचार और उद्यमिता के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह बात रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषक मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय ‘यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ में विद्यार्थियों, युवा नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप उद्यमियों से संवाद के दौरान कही।

स्टार्टअप और निपुण योजना के लिए 500 करोड़ का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए राज्य में स्टार्टअप और इनोवेशन इकोसिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना’ के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी सहयोग, वित्तीय सहायता और अनुकूल नीतिगत वातावरण उपलब्ध कराने पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से नई औद्योगिक नीति-2024 में उपलब्ध प्रोत्साहनों का लाभ उठाने की अपील की। सरकार की ओर से नए औद्योगिक पार्क विकसित करने और सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए उद्योग लगाने की प्रक्रियाओं को सरल बनाने की बात भी कही गई।

8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद प्रदेश को अब तक करीब 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उनके मुताबिक, कई परियोजनाओं पर जमीन पर काम भी शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक उद्योगों के अलावा ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और टेक्सटाइल जैसे उभरते क्षेत्रों में भी संभावनाएं बढ़ रही हैं। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में विस्तार को भी उन्होंने उद्योग और उद्यमिता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कृषि और वन संपदा में युवाओं के लिए अवसर

मुख्यमंत्री ने कृषि और वन संपदा के वैल्यू एडिशन को युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इमली, महुआ, सीताफल और औषधीय पौधों जैसी वनोपज के प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के जरिए नए उद्यम विकसित किए जा सकते हैं।

सुगंधित चावल के निर्यात से जुड़े सवाल पर उन्होंने जवाफूल, विष्णुभोग, हनुमानभोग और शीतलचीनी जैसी धान की किस्मों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कृषि को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, वैल्यू एडिशन और निर्यात की पूरी श्रृंखला विकसित करने की जरूरत है।

युवाओं ने सीधे मुख्यमंत्री से पूछे सवाल

कॉन्क्लेव में युवाओं और स्टार्टअप उद्यमियों ने मुख्यमंत्री से स्टार्टअप फंडिंग, लोन में कोलेटरल, सरकारी योजनाओं, रोजगार सृजन, हॉर्टिकल्चर विद्यार्थियों के कौशल, सोशल मीडिया एवं इन्फ्लुएंसर इकोसिस्टम और प्रस्तावित फिल्म सिटी जैसे विषयों पर सवाल किए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से असफलता से नहीं घबराने और नए प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नए विचारों को मेहनत, कौशल और उद्यमिता से जोड़ने पर उन्हें बदलाव का माध्यम बनाया जा सकता है।

बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी अवलोकन किया। उन्होंने बायोसेफ्टी लेवल लैब, एनिमल कल्चर लैब, माइक्रोबियल सेल और प्लांट टिश्यू कल्चर लैब सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली।

सेंटर में स्टार्टअप्स के लिए इन्क्यूबेशन स्पेस, ड्राई एवं वेट लैब, प्लग एंड प्ले ऑफिस, कॉमन इंस्ट्रूमेंटेशन लैब और एनालिटिकल टेस्टिंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र युवाओं के विचारों को रिसर्च, इनोवेशन और उद्यम में बदलने के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम कर सकता है।


Share This Article