Rojgar Mela 2026Rojgar Mela 2026
Share This Article

रायपुर, 02 अक्टूबर 2026। Rojgar Mela 2026 : छत्तीसगढ़ में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस मेले के लिए अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों ने 9,449 रिक्तियों की जानकारी दी है। अन्य कंपनियों से भी चर्चा जारी है, जिससे पदों की संख्या बढ़ सकती है।

7-8 अक्टूबर को रायपुर में लगेगा रोजगार मेला

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस राज्यस्तरीय रोजगार मेले का उद्देश्य शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुसार निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियां और प्लेसमेंट एजेंसियां भी शामिल होंगी।

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे।

10वीं-12वीं पास से MBA-MCA तक के लिए अवसर

मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए पद उपलब्ध हैं। 10वीं और 12वीं पास युवाओं के साथ आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, MBA और MCA योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे पद शामिल हैं।

बैंकिंग, कंप्यूटर, हेल्थ और लॉजिस्टिक्स में भी नौकरियां

गैर-तकनीकी क्षेत्र में कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के पद उपलब्ध हैं। बैंकिंग, फाइनेंस और HR से जुड़े पदों पर भी भर्ती के अवसर हैं।

हेल्थ सेक्टर में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर, सुरक्षा सेवाओं में गार्ड और सुपरवाइजर तथा परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पदों के लिए भी अवसर उपलब्ध हैं।

इन कंपनियों की रिक्तियां भी शामिल

रोजगार मेले के लिए अब तक क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक सहित कई कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।

इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट जैसी कंपनियां और संस्थाएं भी रोजगार मेले में हिस्सा लेंगी।

e-Rojgar Portal से घर बैठे करें आवेदन

इच्छुक युवा छत्तीसगढ़ के e-Rojgar Portal के माध्यम से घर बैठे उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों की ओर से उपलब्ध कराई गई रिक्तियां प्रदर्शित की जा रही हैं।

पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और आवेदन के लिए www.erojgar.cg.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। अभ्यर्थी रोजगार मेले में पहुंचने से पहले ही कंपनी, पद और पात्रता की जानकारी हासिल कर सकते हैं।

रोजगार विभाग के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों तथा प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से कुल 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वहीं वित्त वर्ष 2026 में सितंबर तक 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों में 8,878 अभ्यर्थियों के चयन की जानकारी दी गई है।


Share This Article