Illegal MiningIllegal Mining
Share This Article

रायपुर, 02 अक्टूबर 2026। Illegal Mining : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए रेत और पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया गया।

बस्ती-बगरा में रेत से भरे 4 ट्रैक्टर जब्त

खनिज विभाग की टीम ने बस्ती-बगरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रेत से भरे 4 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया। इन वाहनों को सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है। विभाग द्वारा वाहनों से संबंधित दस्तावेजों और खनिज परिवहन की स्थिति की जांच की जा रही है।

सारबहरा और अंडी में भी कार्रवाई

सारबहरा क्षेत्र में पत्थर से भरे एक ट्रैक्टर वाहन को जब्त किया गया। वहीं अंडी क्षेत्र में रेत से भरे एक अन्य ट्रैक्टर को पकड़ा गया। दोनों वाहनों को सुरक्षार्थ अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है।

खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

विभाग के अनुसार सभी संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि खनिज मद में जमा होने के बाद नियमानुसार वाहनों को मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

अवैध उत्खनन और परिवहन पर निगरानी

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अमले को नियमित जांच करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

CM हेल्पलाइन की शिकायतों पर भी जांच

कलेक्टर ने CM हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। संबंधित शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।


Share This Article