Ambadatt Indian Death Anniversary: ​​Major announcement on Ambadatt Indian's 13th death anniversary...! Land for the Press Club building to be allotted soon.Ambadatt Indian death Anniversary
Share This Article

रायपुर, 24 अगस्त 2026/ Ambadatt Bhartiy death Anniversary : मध्यप्रदेश के लब्ध प्रतिष्ठित पत्रकार स्वर्गीय अंबादत्त भारतीय की 13वीं पुण्यतिथि पर अंबादत्त भारतीय स्मृति पत्रकारिता संग्रहालय एवं शोध संस्थान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान राकेश राय ने जिला प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अंबादत्त भारतीय ने जिस पत्रकार भवन का सपना देखा था, उसे पूरा करने की जिम्मेदारी हमारी है। इसके लिए वरिष्ठ पत्रकारों की सहमति से जल्द ही भूमि का चयन किया जाएगा।

पत्रकार भवन के सपने को पूरा करने का संकल्प

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष रघुवर दयाल गोहिया ने की। उन्होंने स्वर्गीय अंबादत्त भारतीय के व्यक्तित्व और उनके पत्रकारिता जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिला प्रेस क्लब की नींव वरिष्ठ पत्रकारों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने रखी थी।

उन्होंने जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश राय से पत्रकार भवन के लिए भूमि की व्यवस्था कराने का आग्रह किया। रघुवर दयाल गोहिया ने कहा कि स्वर्गीय अंबादत्त भारतीय, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय शंकरलाल साबू तथा सीहोर टाइम्स के संस्थापक हरिकृष्ण सिंह जैसे वरिष्ठ लोगों ने पत्रकार क्लब के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

पूर्व राष्ट्रपति की मौजूदगी में हुआ था प्रेस क्लब का शुभारंभ

कार्यक्रम में बताया गया कि जिला प्रेस क्लब का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. शंकर दयाल शर्मा और प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय उमराव सिंह की मौजूदगी में किया गया था। वक्ताओं ने कहा कि आज उसी प्रेस क्लब की जिम्मेदारी राकेश राय के पास है और पत्रकार समुदाय को उम्मीद है कि उनके प्रयासों से पत्रकार भवन के लिए भूमि की व्यवस्था जल्द हो सकेगी।

दीप प्रज्वलित कर दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय अंबादत्त भारतीय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित पत्रकारों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी राजकुमार गुप्ता, शैलेष तिवारी, जयंत शाह, जुगल किशोर पटेल, संतोष सिंह, जगदीश सचदेवा, डॉ. गिरीश जोशी, राजाराम बड़े भाई, आरसी जैन, हरिश्चंद्र आर्य, संदीप मेवाड़ा, हरिओम शर्मा दाऊ, विनोद पंसारी, डॉ. अकलेश हठीला, हीरालाल जायसवाल, भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार विजय नेमा, हीरालाल शर्मा, सुरेश सोनी, प्रवेश राजपूत, द्वारका बांसुरिया, जोरावर सिंह, सौभाग्य शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन मंत्री गणेश तिवारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

साहित्यकार डॉ. बिजेंद्र जायसवाल ने किया संचालन

कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार डॉ. बिजेंद्र जायसवाल ने किया। अंत में वरिष्ठ पत्रकार एवं वीआईटी के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रदीप एस. चौहान ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्वर्गीय अंबादत्त भारतीय के पत्रकारिता जीवन, उनके योगदान और पत्रकारों के लिए भवन के सपने को याद किया गया।


Share This Article