रायपुर, 09 जून 2026/ CG Cabinet Meeting: Crucial meeting of the Vishnu Deo Sai cabinet today…! A major decision regarding the transfer policy could be announced.
CG Cabinet Meeting : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य कैबिनेट की अहम बैठक मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित होगी। सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के साथ बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है।
5 लाख कर्मचारियों को मिल सकती है बड़ी सौगात
सूत्रों के मुताबिक बैठक में लंबे समय से लंबित कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। इस योजना से राज्य के 5 लाख से अधिक शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों को फायदा होगा। यदि योजना को मंजूरी मिलती है, तो कर्मचारियों को इलाज के दौरान नकद भुगतान की परेशानी से राहत मिलेगी और सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
ट्रांसफर नीति पर भी हो सकता है फैसला
कैबिनेट बैठक में बहुप्रतीक्षित ट्रांसफर नीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में पदस्थ अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से नई तबादला नीति का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में सरकार का फैसला लाखों कर्मचारियों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा
जानकारी के अनुसार बैठक में प्रशासनिक सुधार, विकास कार्य, जनकल्याणकारी योजनाएं सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रस्ताव पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा और कुछ नई घोषणाओं पर भी मुहर लग सकती है।
कर्मचारियों की नजर कैबिनेट बैठक पर
राज्यभर के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की निगाहें इस बैठक पर टिकी हुई हैं। खासकर कैशलेस मेडिकल सुविधा और ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर कर्मचारियों में उत्सुकता बढ़ गई है। अब सबकी नजर मंगलवार को होने वाले फैसलों पर है कि साय सरकार कर्मचारियों के हित में कौन-कौन से बड़े ऐलान करती है।
