Commonwealth Games 2026: Chhattisgarh's own Gyaneshwari Yadav wins silver...! CM Vishnu Deo Sai congratulates her via video call.
Commonwealth Games 2026
Share This Article

रायपुर, 28 जुलाई। Commonwealth Games 2026 : छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत और प्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर दिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के जरिए ज्ञानेश्वरी से बात कर उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

छत्तीसगढ़ का सिर गर्व से किया ऊंचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यह सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाती रहेंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बातचीत के दौरान कहा कि प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी उनसे मुलाकात हुई थी और अब उनकी सफलता पर दोबारा बात करके बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं लगातार विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

वहीं, ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री के स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों का प्यार और मुख्यमंत्री का आशीर्वाद उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की नई ऊर्जा देगा। गौरतलब है कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के रूप में सेवाएं दे रही हैं। खेल और सेवा, दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बनाता है।