Share This Article

रायपुर -23 नवम्बर 2026 / ETrendingIndia / छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बस्तर फाइटर आरक्षक के 128 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए केवल दंतेवाड़ा जिले के स्थानीय निवासी आवेदन कर सकते हैं। इसमें अनारक्षित वर्ग के7, अन्य पिछड़ा वर्ग के 17, अनुसूचित जाति के 11 तथा अनुसूचित जनजाति के 93 पद हैं.

इच्छुक अभ्यर्थी 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

शैक्षणिक योग्यता

सामान्य अभ्यर्थियों के लिए छत्तीसगढ़ या मध्यप्रदेश के विद्यालय से 10वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। अनुसूचित जनजाति, नक्सल पीड़ित परिवारों तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के अभ्यर्थी 5वीं पास होने पर भी पात्र होंगे।

आयु सीमा और शारीरिक मापदंड

1 जनवरी 2026 को अभ्यर्थी की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों और महिलाओं को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।

पुरुषों के लिए वर्ग के अनुसार न्यूनतम ऊंचाई 150 से 163 सेमी तथा महिलाओं के लिए 148 से 153 सेमी निर्धारित है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने का निर्धारित माप भी अनिवार्य है।

पांच शारीरिक परीक्षाएं और लिखित परीक्षा

चयन में लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 100 मीटर और 800 मीटर दौड़ शामिल हैं। शारीरिक दक्षता परीक्षा 100, लिखित परीक्षा 50 और साक्षात्कार 20 अंकों का होगा। इसके अलावा अधिकतम 30 बोनस अंक मिलेंगे। स्थानीय बोली के ज्ञान पर 20 अंक, जबकि भारी वाहन लाइसेंस और एनसीसी/एनएसएस प्रमाणपत्र पर 5-5 अंक निर्धारित हैं।

कहां जमा करें आवेदन?

अभ्यर्थी पुलिस अधीक्षक कार्यालय दंतेवाड़ा, एसडीओपी कार्यालय किरंदुल और थाना गीदम में कार्यालयीन समय में आवेदन जमा कर सकते हैं। डाक से आवेदन भेजने पर केवल पंजीकृत डाक मान्य होगी।

महत्वपूर्ण तिथियां:

  • आवेदन प्रारंभ: 2 नवंबर 2026
  • अंतिम तिथि: 12 दिसंबर 2026, शाम 5 बजे


Share This Article
Advertisement Carousel